मलयालम सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नव्या नायर हाल ही में उस समय चर्चा में आ गईं जब उन्हें ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही कड़ा जुर्माना भरना पड़ा। यह मामला किसी शूटिंग या विवाद से जुड़ा नहीं बल्कि महज जैस्मिन के फूल ले जाने से जुड़ा था। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
मेलबर्न एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई
दरअसल, नव्या नायर जब मेलबर्न अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं तो अधिकारियों ने उनके पास से मिले जैस्मिन फूलों के चलते उन्हें रोक लिया। ऑस्ट्रेलिया के कड़े बायोसेक्योरिटी कानून के मुताबिक यात्रियों को किसी भी तरह का पौधा, फूल या बीज ले जाने पर उसे घोषित करना जरूरी होता है। चूंकि नव्या ने इसे घोषित नहीं किया था, इस वजह से उन पर लगभग 1.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ये खबर भी पढ़ें:
Bigg Boss 19: तान्या मित्तल की मां पर ये क्या बोल गईं कुनिका? नॉमिनेशन टास्क में खुली रिश्तों की पोल
पिता का दिया तोहफा बना मुसीबत
नव्या नायर ने एक कार्यक्रम के दौरान इस पूरे अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह कोच्चि से रवाना हो रही थीं, तो उनके पिता ने उन्हें जैस्मिन फूल दिए थे। उनका प्लान था कि फूलों को दो हिस्सों में बांटकर एक को वो अपने घर में रख देंगी और दूसरा अपने बैग में रख लेंगी। बस इसी के बाद उन्हें भारी जुर्माना चुकाना पड़ा।
'कानून की जानकारी न होना बहाना नहीं'
नव्या नायर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि कानून की जानकारी न होना किसी भी स्थिति में बचाव का आधार नहीं हो सकता। उन्होंने माना कि यह उनके लिए एक सीखने वाला अनुभव है। अभिनेत्री ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें वह ओणम के पारंपरिक परिधान में जैस्मिन फूल लगाए नजर आईं। शुरू में उन्होंने कैप्शन लिखा था- 'जुर्माना भरने से पहले का ड्रामा', लेकिन बाद में उन्होंने इसे बदलकर सिर्फ एक फूल वाले इमोजी से अपडेट कर दिया।
ओणम उत्सव में शामिल होने पहुंचीं नव्या
नव्या नायर को इस बार मेलबर्न में आयोजित ओणम समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह घटना उन्हें हमेशा याद रहेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में किसी भी देश में जाने से पहले वह नियमों को ध्यान से पढ़ेंगी ताकि ऐसी गलती दोबारा न हो।