डर और शंका को पार करना
नई राह पर कदम रखना हमेशा आसान नहीं होता। डर और संदेह आते हैं। मैं खुद से कहती हूं- ‘प्रतिभा, चलते रहो ... गहरी सांस लो, खुद पर भरोसा रखो।’ हर दिन एक छोटा कदम आगे बढ़ाना, चाहे कितना भी मुश्किल क्यों न लगे, यही मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। डर को समझना और उसके बावजूद कदम बढ़ाना ही सही रास्ता है।
परिवार और समर्थन की ताकत
मेरे परिवार, खासकर मेरे दादा-दादी, ने हर चुनौती में मेरा हौसला बढ़ाया। बॉलीवुड अनिश्चितताओं से भरा है, हर दिन नया संघर्ष और नई परीक्षा लेकर आता है। कई बार लगता है कि क्या मैं सफल हो पाउंगी, लेकिन परिवार का प्यार और समर्थन मुझे आगे बढ़ने की ताकत देता है। यही ताकत मुझे स्थिर रखती है और मेरे भीतर की शक्ति को जगाती है।
पहली फिल्म ने दी नई दिशा और आत्मविश्वास
पहली फिल्म ने मेरे लिए सब कुछ बदल दिया। अब मैं खुद फैसले ले सकती हूं, समझ सकती कि मैं क्या करना चाहती हूं और खुद को नए तरीके से चुनौती दे सकती हूं। नए प्रयोग करने का साहस तभी आता है जब आपने अपने पहले कदम में खुद को साबित किया हो और लोगों ने उसे पसंद किया हो। यह अनुभव मुझे नई एनर्जी और आत्मविश्वास देता है। अब कोई भी चुनौती मुझे डराती नहीं, बल्कि मुझे और मजबूत बनाती है।’