गाने के बारे में
एक्सिओम मिशन 4 के लॉन्च के दिन अपनी प्लेलिस्ट का जिक्र करते हुए भारतीय पायलट ने बताया कि उन्हें शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेश' का गाना 'यूं ही चला चल राही' सुनना बहुत पसंद है। यह गाना 2004 में रिलीज हुई फिल्म 'स्वदेश' का गाना है। इस गाने को ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने कंपोज किया था और इसके बोल दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे थे। इस गाने को उदित नारायण, कैलाश खेर और हरिहरन ने आवाज दी थी।
नासा वैज्ञानिक पर आधारित है फिल्म
फिल्म 'स्वदेश' में नासा के एक वैज्ञानिक की कहानी दिखाई गई है जो अपनी नानी को खोजने के लिए अपने देश लौटता है। वह उसे अमेरिका ले जाने का इरादा रखता है। जब वह अपनी नानी को ढूंढ रहा होता है तो वह भारत के ग्रामीण इलाकों, चरनपुर गांव का सफर करता है। इस दौरान उसे भारत बहुत पसंद आता है।
क्या है एक्सिओम मिशन 4?
आपको बता दें एक्सिओम मिशन 4 को फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से आज लॉन्च किया गया।
नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री और एक्सिओम स्पेस में मानव अंतरिक्ष उड़ान की निदेशक पैगी व्हिटसन इस मिशन की कमान संभाल रही हैं, जबकि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पायलट के रूप में काम कर रहे हैं।
एक्स-4 मिशन एक खास शोध करने जा रहा है। इसमें यू.एस., भारत, पोलैंड, हंगरी, सऊदी अरब, ब्राज़ील, नाइजीरिया, यूएई और यूरोप भर के देशों सहित 31 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 60 वैज्ञानिक शामिल हैं।