अभिनेता-राजनेता नंदमुरी बालकृष्ण इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'अखंड 2' से चर्चा में हैं। अभिनेता ने गोवा में चल रहे 56वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान बातचीत में फिल्मों में तकनीक के इस्तेमाल पर अपनी राय रखी है। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान समय की फिल्ममेकिंग प्रक्रिया पर नाराजगी भी व्यक्त की है। पढ़िए उन्होंने क्या कहा।
अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने IFFI सम्मेलन में मीडिया से बात की और फिल्मों में तकनीक के इस्तेमाल पर विचार प्रकट किया। उन्होंने कहा- 'मैंने फिल्म इंडस्ट्री में 50 साल पूरे कर लिए हैं। क्यों? ऐसा नहीं है, मैं NTR का बेटा हूं, जिसे मैं जारी रख रहा हूं। यह फिल्मों के बारे में मेरी जानकारी है और यह वह विरासत है, जिसे मैं आगे ले जा रहा हूं। जैसा भी है, मुझे इस पर गर्व है। आजकल फिल्ममेकिंग पूरी तरह से तकनीक पर आधारित है।"
‘हीरो सेट पर नहीं आते’
आगे बातचीत करते हुए अभिनेता ने कहा, ‘मेरी फिल्में लार्जर दैन लाइफ होती हैं। इसलिए मेरी कहानियां मेरे लिए जरूरी हैं, और हम जरूरत पड़ने पर तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। आजकल फिल्मों में हर चीज के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। हीरो भी सेट पर नहीं आते। वे बस ग्रीन मैट या ब्लू मैट के सामने शूट करते हैं। मैं ओरिजिनल हूं, मैं डुप्लीकेट नहीं हूं।’
यह खबर भी पढ़ें:
अहान पांडे से दो-दो हाथ करेंगे बाला साहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्य ठाकरे, यशराज की एक्शन फिल्म में हुई एंट्री
कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने अनुपम खेर के साथ ली सेल्फी
गोवा में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर भी मौजूद रहे। इस तस्वीर में एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण और अनुपम खेर साथ में सेल्फी लेते दिख रहे हैं।
कल IFFI में फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' का होगा प्रीमियर
अभिनेता अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' का गोवा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में कल यानी 21 नवंबर को प्रीमियर होगा। यह शो शाम 4.45 मिनट पर दिखाया जाएगा। इस फिल्म के अलावा अभिनेता की दो और फिल्में भी IFFI 2025 में शामिल हैं, जिनमें एक है 'द बंगाल फाइल्स' और दूसरी 'कैलोरी'।
नंदमुरी बालकृष्ण का वर्कफ्रंट
बालकृष्ण की आगामी फिल्म 'अखंड 2', साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'अखंड' का सीक्वल है। फिल्म में बालकृष्ण डबल रोल में होंगे। उनके साथ बॉलीवुड अभिनेत्री हर्षाली मल्होत्रा और संयुक्ता जैसे एक्टर भी होंगे। यह फिल्म 5 दिसंबर को दुनिया भर में रिलीज होगी।