नागार्जुन की फिल्म 'शिवा' होगी री-रिलीज
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
नागार्जुन ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘मेरे पिता एएनआर की जयंती पर मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जिस फिल्म ने भारतीय सिनेमा को हिलाकर रख दिया था, वह जल्द ही सिनेमाघरों में फिर से धूम मचाने आ रही है।’ इस पोस्ट के जरिए वह 36 साल पहले रिलीज हुई अपनी बॉलीवुड फिल्म ‘शिवा’ का जिक्र कर रहे हैं। यह फिल्म उनके पिता की 101वीं जयंती के मौके पर री-रिलीज होगी।
कब री-रिलीज होगी नागार्जुन की फिल्म
आगे नागार्जुन अपनी पोस्ट में लिखते हैं, ‘अन्नपूर्णा स्टूडियो और रामगोपाल वर्मा की बेहतरीन फिल्म ‘शिवा’ 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में री-रिलीज होगी। बड़े पर्दे पर आप इस कल्ट क्लासिक फिल्म का अनुभव जरूर लें।’ प्रेस रिलीज में भी नागार्जुन ने कहा, ‘मेरे पिता हमेशा से मानते थे कि सिनेमा में कई पीढ़ियों तक जीवित रहने की शक्ति है और 'शिवा' ऐसी ही एक फिल्म थी। इसे 14 नवंबर को 4K डॉल्बी एटमॉस में बड़े पर्दे पर वापस लाया जा रहा है। यह पिता जी के सपने को श्रद्धांजलि है।’
रामगोपाल वर्मा ने भी नागार्जुन की पोस्ट को री-शेयर किया
फिल्म ‘शिवा’ को रामगोपाल वर्मा ने निर्देशित किया था। वह भी नागार्जुन की पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखते हैं, ‘यह बच्चों की फिल्म नहीं है, लेकिन बाल दिवस पर कमबैक कर रही है। यह फिल्म देखकर कई लोगों के चेहरे पर बच्चों वाली खुशी आ जाएगी।’ वहीं प्रेस रिलीज में भी रामगोपाल वर्मा ने कहा, ‘मैं लोगों द्वारा फिल्म देखने और एक अनोखे अनुभव को हासिल करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’
ये खबर भी पढ़ें: Nagarjuna: चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर शुरू किया करियर, आज साउथ फिल्मों में करते हैं राज; करोडों की है संपत्ति
क्या थी फिल्म ‘शिवा’ की कहानी
तेलुगु फिल्म ‘शिवा(1989)’ में नागार्जुन एक्शन अंदाज में नजर आए थे। फिल्म की कहानी एक कॉलेज में नया स्टूडेंट आता है, जिसका नाम शिवा है। वह स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष और गुंडों के ग्रुप के खिलाफ खड़ा होता है। इन लोगों के गलत कामों के खिलाफ वह आवाज उठता है। इस वजह से फिल्म में खूब मार-धाड़ होती है। आखिर में शिवा एक बड़ा बदलाव कॉलेज में लेकर आता है। इसी फिल्म को साल 1990 में हिंदी में रीमेक किया गया था।
इसी फिल्म को 13वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में इंडियन पैनोरमा कैटेगिरी में दिखाया गया। इसे तीन नंदी अवॉर्ड मिले, जिनमें राम गोपाल वर्मा को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला था।