लॉस एंजिलिस की साल 1969 की कहानी कहती फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' का ट्रेलर इसे वितरित करने वाली कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने रिलीज किया है। फिल्म 'कान फिल्म फेस्टिवल' में दिखाई जा चुकी है और समीक्षकों ने इसे वहां काफी पसंद भी किया। अमेरिका और ब्रिटेन के को-प्रोडक्शन के तौर पर बनी फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' का ट्रेलर वाकई दिलचस्प है।
जैसा कि ट्रेलर से पता चलता है 'वंस अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' एक उम्रदराज टेलीविजन एक्टर और उसके स्टंट डबल की कहानी है जो टीवी की दुनिया में शोहरत हासिल करने के बाद बड़े परदे पर कुछ कर दिखाने का इरादा रखते हैं। ट्रेलर में फिल्म के तकरीबन सारे चेहरे एक के बाद एक दिखते हैं। अल पचीनो का किरदार जहां उत्सुकता जगाता है वहीं स्वर्गीय ल्यूक पेरी को उनकी इस आखिरी फिल्म के ट्रेलर में देखना उनके प्रशंसकों को भावुक भी करता है।
निर्देशक क्वैंटिन टैरेंटिनो की ये नौंवी फिल्म है और उनकी ये पहली फिल्म है जिसमें उनके प्रोड्यूसर हार्वे विंस्टीन उनके साथ नहीं हैं। फिल्म एक तरह से हॉलीवुड के स्वर्णिम काल की यादों का संकलन सी दिखती है। फिल्म की कहानी में तमाम सारे ट्विस्ट आएंगे ऐसा 'वंस अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' का ट्रेलर देखकर लगता है। 26 जुलाई को अमेरिका और 14 अगस्त को ब्रिटेन में रिलीज होने जा रही इस फिल्म की भारत में रिलीज डेट अभी तय नहीं है।