फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

The Great Indian Kapil Show Ep 2 Review: दूसरे एपिसोड में ही फीकी पड़ी कपिल की कॉमेडी दुकान, टॉक शो होता बेहतर

विज्ञापन
The Great Indian Kapil Show - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
Movie Review
Movie Review: द ग्रेट इंडियन कपिल शो (एपिसोड 2)
कलाकार
कपिल शर्मा , सुनील ग्रोवर , कीकू शारदा , कृष्णा अभिषेक , रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर
लेखक
लखबीर सिंह , महेश भल्ला , अनुगम गोस्वामी , अभिषेक भट्ट , दिग्विजय सिंह , पार्थ चावला , डिंपल , अंकुश कुमार और कलमुद्दीन अंसारी
निर्देशक
कपिल शर्मा
निर्माता
के 9 फिल्म्स
ओटीटी
नेटफ्लिक्स
रेटिंग
2/5

कपिल शर्मा कभी कॉमेडियन जितने काबिल हुआ करते थे, वह उतने ही करिश्माई कारोबारी अब बन चुके हैं। नेटफ्लिक्स को अपनी ओरिजनल और भाड़े पर ली गई फिल्मों के प्रचार के लिए अरसे से एक ऐसा शो चाहिए था, जिसे वह हिंदी में हर हफ्ते के आखिर में दिखा सकें। तो बीते हफ्ते कपिल शर्मा को फिल्म ‘एनिमल’ के प्रचार में लगाया गया, अगले हफ्ते वह ‘चमकीला’ का प्रचार करने की ड्यूटी पर रहेंगे और इन दोनों एपिसोड के बीच जब कुछ नहीं मिला तो आईपीएल को देखते हुए बना दिया गया एक शो रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के साथ। कोई 50 मिनट के ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नौटंकी खूब है, पर कॉमेडी सिरे से गायब है। रोहित शर्मा को देखकर लगता है जैसे उन्हें जबर्दस्ती शो में बिठा दिया गया और चूंकि इस शो का मामला पहले एपिसोड से भी हल्का है तो इस बार कपिल शर्मा भी भेस बदलकर लोगों को हंसाने उतर आए हैं। यकीन नहीं करेंगे, लेकिन एक ही एपिसोड में तीन गेटअप बदलने का सुनील ग्रोवर ने इस एपिसोड में कारनामा किया है और शो मे देखने लायक कुछ है तो वह सुनील ही बचे हैं।

विज्ञापन

 

कपिल शर्मा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

गोद लिए कलाकारों का शो!
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को नेटफ्लिक्स ने अपने ओटीटी पर इसलिए उतारा है कि भारत देश के छोटे शहरों तक उसकी पहुंच बढ़ सके और दुनिया भर में जो हिंदुस्तान के लोग फैले हैं, उनके लिए भी हर हफ्ते कुछ नया परोसा जा सके। टेलीविजन पर अपनी जमी जमाई दुकान छोड़ कपिल ने ओटीटी पर छलांग लगाई है। शो उनकी कंपनी को बनाने को मिला, तो उनके भी वारे न्यारे हो चुके हैं और बाकी कलाकार तो खुद कैमरे के सामने कहते दिख रहे हैं कि नेटफ्लिक्स ने उनको गोद लिया हुआ है। बड़े अरमान से ये शो हर शनिवार की शाम देखने की दर्शकों की भी अलग ही मजबूरी है। कपिल शर्मा का नाम उनके किस्सों और कॉमेडी के चलते मशहूर रहा है। अवार्ड्स शो की तरह शायद यहां टेलीप्रॉम्प्टर की सुविधा है नहीं, तभी कपिल खूब अटकते हैं। स्क्रिप्ट में भटकते हैं। कभी चीयर गर्ल्स की एंट्री के बाद समझ नहीं पाते, क्या कहना है। तो कभी ‘कंट्रियों’ में खोए नजर आते हैं। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को इसके पहले एपिसोड में रणबीर कपूर, नीतू सिंह के किस्सों ने बचाया था, इस बार ऐसा कुछ भी नहीं है।


रोहित शर्मा-श्रेयस अय्यर - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

कहां आ फंसे रोहित शर्मा
रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर से जब तक बात होती है, शो मे कुछ तो जानकारी मिलती रहती है। लेकिन, ध्यान रहे कि ये टॉक शो नहीं है। नेटफ्लिक्स ने इसे कॉमेडी शो के तौर पर बनाया है और कॉमेडी इसकी इतनी फूहड़ है कि नेटफ्लिक्स को शो के शुरुआत में ही इसका एलान करना पड़ता है। रोहित शर्मा को इस शो में देखकर ऐसा लगता है कि उनकी मार्केटिंग टीम ने किसी समझौते के तरह उन्हें यहां जबर्दस्ती ठेल दिया है। बेचारे को समझ ही नहीं आता है कि कहां हंसना है और कहां रुकना है। चेहरे पर जबर्दस्ती ओढ़ी जाती मुस्कान कैमरे से छुपती नहीं है और कई बात तो उनके भावों को देखकर ये भी लगता है कि जैसे मन में कह रहे हों, ‘कहां फंसा दिया यार..!’ शो में इतने बेहूदा गैग्स और चुटकुले हैं कि ये शो देखते हुए कई बार दर्शकों को खुद पर भी तरस आ सकता है कि आखिर कपिल शर्मा के शो की जब टेलीविजन पर टीआरपी नहीं आई तो भला नेटफ्लिक्स का नया सब्सक्रिप्शन इस शो के लिए लेने की जरूरत क्या थी?

The Great Indian Kapil Show - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
पांच मिनट भी नहीं मिलते हंसी के
जैसा कि मैंने शो के पहले एपिसोड के रिव्यू में भी लिखा था, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अपनी लचर पटकथा के चलते मात खा रहा है। सोचिए जरा कि किसी 50 मिनट के शो को लिखने के लिए 10 लेखक लगे हों और हंसने के लिए इसमें पांच मिनट का भी वक्त न मिले। सोचने वाली बात ये भी है कि दर्शकों के रूप में बैठे जूनियर आर्टिस्ट्स को ठहाके लगाने में कितनी मेहनत करनी पड़ती होगी। कुछ तो बेचारा चादर बिछाकर बैठे नजर आते हैं। अर्चना पूरण सिंह का दुख उनके चेहरे पर झलकता भी है। ये और बात है कि इस एपिसोड में जब कपिल शर्मा खुद सिद्धू का गेटअप धरकर शो बचाने की कोशिश करते नजर आए, तो अर्चना के चेहरे के भाव बिल्कुल असली थे।

Kriti Sanon: फिल्मों की असफलता पर छलका कृति का दर्द, बोलीं- लोग हीरोइन पर फोड़ देते हैं फ्लॉप होने का ठीकरा



 
विज्ञापन

The Great Indian Kapil Show - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
सुनील ग्रोवर ही इकलौते चैंपियन
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में जो एक चीज देखने लायक इस दूसरे एपिसोड में रही, वह था अभिनेता सुनील ग्रोवर की तीन अलग अलग अवतारों में नजर आना। पहले वह मिस्त्री बनकर आए। और, वहीं चलते कैमरे के सामने वह अपने कपड़े उतार कर मिस चीयर लीडर भी बन गए। इस बीच वाले कांड को छोड़ दें तो सुनील का शो में कपिल देव के रूप में लिया गया तीसरा अवतार शो की सबसे बड़ी हाईलाइट रहा। सुनील ग्रोवर जब फ्रेम में होते हैं तो फिर को दूसरा कलाकार या सेलेब्रिटी फीका पड़ जाता है। कपिल शर्मा तमाम कोशिशें करके सुनील ग्रोवर के किरदार की बेइज्जती करते हैं, दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ करने में पूरा जोर लगाते हैं। लेकिन, जितना ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का हीरो यानी सुनील ग्रोवर पिटता है, उसका ग्राफ उतना ही बढ़ता जाता है।

Govinda-Vasu: गोविंदा की टीम ने वाशु भगनानी के लेट-लतीफी वाले बयान पर जताई नाराजगी, मैनेजर ने किया पलटवार
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें