महिलाओं के आत्मनिर्भर होने में ही उनकी आजादी है। सामाजिक मंचों पर होने वाली बहसों में अक्सर मूल बिंदू ये छूट जाता है कि समाज की पहली इकाई घर है और महिलाओं की स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता और सम्मान की पहला सोपान भी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर निर्देशक नीना श्रीवास्तव ने शॉर्ट फिल्म 'मियां, बीवी और बनाना' बनाई है। फिल्म सैनिटरी पैड के मुद्दे पर है, लेकिन फिल्म की कहानी महिलाओं के तमाम दूसरे मुद्दे भी बड़ी खूबसूरती से अपने में शामिल करती चलती है।
22 मिनट की फिल्म 'मियां, बीवी और बनाना' में आखिरी चार मिनट के गाने को हटा भी दें तो भी सिर्फ 18 मिनट में ही फिल्म वह सब कुछ सिखा जाती है जिसे समझाने और बताने में महीनों लग सकते हैं। पूरे देश की सारी महिलाएं अगर बाजार में उपलब्ध सैनिटरी पैड इस्तेमाल करने लगें तो देश में हर साल नौ लाख टन कचरा इकट्ठा होगा और इसे पूरी तरह नष्ट होने में चार सौ साल लग सकते हैं। वहीं, अगर ये सैनिटरी नैपकिन केले के रेशों से बनाए जाएं तो इन्हें गल कर वापस मिट्टी में मिलने में सिर्फ 6 महीने लगेंगे। साथी पैड्स नाम की संस्था इन बायोडिग्रेडेबल पैड्स पर अच्छा काम कर रही है और इसे ही समझाने के लिए बनी है ये फिल्म।
फिल्म की कहानी लोकेश और गौरी की शादी में आई मुसीबतों की कहानी है। लोकेश के दांत आकर्षक नहीं हैं। वह ऑस्ट्रेलिया से आई विकी की गांव में फाइबर से बनने वाले सैनिटरी पैड्स की फैक्ट्री डालने में मदद कर रहा है ताकि इससे मिले पैसों से अपने दांत ठीक करा सके।
गौरी को वह सैनिटरी पैड की बात समझाता है। लोकेश और गौरी के घरवाले पैड को अशुभ मानते हैं। गौरी को भी यही पता है कि इस्तेमाल किए गए पैड पर पांव पड़ जाए तो आदमी अंधा हो जाता है। एक रोचक कहानी के जरिए फिल्म इन सारी सामाजिक अवधारणाओं पर चोट करती है और एक अच्छा संदेश देने में कामयाब रहती है।