डिजिटल रिव्यू: मर्द को दर्द नहीं होता (ट्रेलर)
कलाकार: राधिका मदान, अभिमन्यु दासानी, महेश मांजरेकर, जिमित त्रिवेदी और गुलशन देवैया। निर्देशक: वासन बाला
बैनर: आरएसवीपी मूवीज
उरी और सोनचिड़िया जैसी दमदार फिल्मों के बाद फिल्म निर्माता रॉनी स्क्रूवाला की कंपनी आरएसवीपी मूवीज की अगली फिल्म मर्द को दर्द नहीं होता की हलचल शुरू हो गई है। इस फिल्म से मशहूर अभिनेत्री भाग्यश्री के बेटे अभिन्यु हिंदी सिनेमा में अभिनय की पारी शुरू करने जा रहे हैं और चूंकि वह एक मशहूर अभिनेत्री के बेटे हैं तो वंशवाद के विषय को ही फोकस में रखकर निर्देशक वासन बाला ने फिल्म का एक बहुत ही दिलचस्प वीडियो तैयार किया है।
वीडियो का शीर्षक ही है नेपोटिज्म फीचरिंग राधिका मदान। छोटे परदे पर तमाम शोहरत और इनाम जीत चुकीं राधिका की पहली फिल्म मर्द को दर्द नहीं होता ही होनी थी, पर बीच में रिलीज हो गई विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा। राधिका के अभिनय की पटाखा में भी बहुत तारीफ हुई। लेकिन चूंकि उनकी पहली फिल्म रिलीज हो चुकी है तो वासन बाला ने कॉन्सेप्ट तैयार किया राधिका को फिर से लॉन्च करने का।
हिंदी सिनेमा इन दिनों वाकई पारिवारिक खेमों में काम कर रहा है। किसी बाहरी की किसी भी विभाग में एंट्री नाममुकिन भले न हो पर मुश्किल जरूर है। तो वीडियो की शुरूआत में राधिका इसी की बात करती दिखती हैं कि एक स्टार किड की फिल्म है।
हीरोइन का रोल कुछ खास होगा नहीं। वगैरह वगैरह। और, फिर शुरू होता है उनका एक्शन। वासन को अपने किरदारों का ग्राफ बनाने में महारत हासिल है। राधिका ने इस फिल्म के लिए इम्तियाज अली की लैला मजनू छोड़ी और अब ये ट्रेलर देख लगता है कि उनका फैसला गलत नहीं था। वासन बाला अच्छा लिखते हैं और बतौर निर्देशक उनकी शॉर्ट फिल्मों ने खूब चर्चा पाई है, उनके निर्देशन का कमाल बड़े परदे पर देखने के लिए काफी अरसे से लोग बेताब रहे हैं।