हैलो दोस्तो! हर कोई भगवान को पूजता है, आप भी पूजते होंगे लेकिन क्या कभी आपका किसी सच्चे नास्तिक से पाला पड़ा है। जो लोग अपने आपको नास्तिक समझते हैं दरअसल वे भी कहीं ना कहीं भगवान का डर मन में लिए रहते हैं। लेकिन हम आज आपको एक सच्चे नास्तिक से मिलवाएंगे।
आप समझ ही गए होंगे हम परेश रावल की फिल्म ‘ओह माई गॉड’ की बात कर रहे हैं। फिल्म के बारे में काफी चर्चा थी कि ये भगवान विरोधी है, ये कॉमेडी फिल्म है, इसमें भगवान मॉडर्न है और भी ना जाने क्या-क्या बातचीत की गई। तो चलिए हम आपको बताते हैं आखिर ‘ओह माई गॉड’ है किस मर्ज की दवा।
कहानी
कानी लालजी मेहता (परेश रावल) नास्तिक इंसान है लेकिन वह चोर बाजार में मूर्तियां बेचने का काम सालों से कर रहा है। कानी को भगवान के किसी काम में दिलचस्पी नहीं है। एक भूंकप के कारण उसकी पूरी दुकान टूट जाती है और सारी मूर्तियां उस मलबे में दब जाती हैं। गॉड आफ एक्ट के तहत उसे कोई मुआवजा नहीं मिलता है। कानी को कोई रास्ता नहीं सूझता तो वह अपने नुकसान के लिए गॉड के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज करता है। कानी लाल को उसका मुआवजा मिला या नहीं, इसके लिए तो आपको फिल्म देखनी होगी लेकिन कोर्ट में कानी की दलीलें और धर्म गुरूओं की सच्चाई को फिल्म की कहानी को बेहतरीन तरीके से पिरोया गया है।
अभिनय
परेश रावल का अभिनय काबिले तारीफ है। परेश ने साबित कर दिया है कि वह किसी भी रोल को संजीदगी से निभा सकते हैं। अक्षय कुमार कैमियो रोल में दिखाई पड़े लेकिन एक मॉडर्न भगवान के अवतार में अपने स्टंट दिखाने से बाज नहीं आए। मिथुन चक्रवर्ती ने एक मठाधीश की भूमिका को बेहतरीन तरीके से निभाया है। मिथुन दा कि अदाएं लोगों का काफी मनोरंजन करेंगी। महेश मांजरेकर की सिगनेचर लाइन आपको याद रह सकती है 'रिलैक्स-रिलैक्स'।
निर्देशन
फिल्म एक गुजराती नाटक पर आधारित है लेकिन निर्देशक उमेश शुक्ला ने फिल्म में नाटक के तत्व हावी नहीं होने दिए हैं। फिल्म अपनी थीम पर शुरू से आखिर तक टिकी रही। हालांकि फिल्म के फर्स्ट हाफ से ज्यादा सेंकेंड हाफ मजेदार, दिलचस्प और बांधे रखने वाला है। फिल्म बीच-बीच में कॉमेडी का पुट भी लिए हुए है, जो दर्शकों को हंसाता भी है। फिल्म में कुछ छोटी-मोटी कमियां जैसे भगवान का सबको एक नॉर्मल इंसान की तरह दिखाई देना, मीडिया के विज्ञापनों को बार-बार बिना वजह दिखाना भी नजर आती हैं, लेकिन कुल मिलाकर उमेश आपको बांधे रखने में कामयाब होंगे।
संगीत
सोनाक्षी सिन्हा का आइटम नंबर 'गो गो गो गोविंदा' फिल्म में सटीक बैठता है। इसके अलावा भी संगीत का फिल्म की कहानी से अच्छा तालमेल है और वह बोर नहीं करता।
क्यों देखें
कानी लालजी मेहता की भगवान के खिलाफ दिलचस्प दलीलें, धर्मगुरूओं और मठाधीशों से कोर्ट की चलने वाली बहस के बीच एक लॉजिकल मैसेज के लिए आप फिल्म देख सकते हैं। यह एक अच्छी और पारिवारिक फिल्म है।
क्यों न देखें
यदि आपको ग्लैमरस या फिर एक्शन से भरपूर फिल्में पसंद हैं और सीधी-सादी कॉमेडी नापसंद तो यह फिल्म आपके लिए नहीं है।
एक्स्ट्रा शॉट्स
'कलर्स' चैनल के लिए कई सालों तक काम करने वाली अश्विनी यार्डी इस फिल्म में सहयोगी निर्माता हैं।फिल्म ‘ओह माय गॉड’ की शूटिंग के बाद धर्म और ईश्वर के प्रति अक्षय की सोच पूरी तरह बदल गई है। ‘ओह माय गॉड’ में अक्षय ने भगवान कृष्ण की भूमिका निभाई है। हालांकि इस फिल्म में वे मुरली बजाने वाले या चक्र धारण करने वाले कृष्ण नहीं बने हैं, बल्कि इसमें उनकी वेशभूषा एक आम इनसान की तरह ही है।यह फिल्म परेश रावल अभिनीत एक गुजराती नाटक पर आधारित है। यानी फिल्म की कहानी गुजराती नाटक कांजी विरूद्ध कांजी पर बेस्ड है। इसे 'कृष्ण वर्सेस कन्हैया' से भी इंस्पायर्ड बताया जा रहा है। हालांकि फिल्म नाटक पर बेस्ड है लेकिन इस फिल्म के फिल्मांकन के लिए कुछ जरूरी परिवर्तन इस नाटक की स्क्रिप्ट में किए गए हैं।
इस फिल्म के लिए अक्षय कुमार ने अपने आपको मांसाहार से दूर कर लिया है और वे शाकाहारी बन गए है।इस फिल्म में परेश रावल पहली बार अक्षय कुमार के साथ फिल्म के निर्माता बने हैं। रजनीकांत फिल्म ‘ओह माय गॉड’ के तमिल वर्जन में भगवान की भूमिका निभाएंगे। साउथ के फिल्मकार कृष्णाप्रकाश ने अक्षय की फिल्म का रीमेक बनाने का फैसला किया है। फिल्म में लीड रोल रजनीकांत के दामाद धनुष निभाएंगे।फिल्म की रिलीज के दौरान कोई बवाल ना हो इसीलिए इस फिल्म की स्क्रीनिंग देशभर के धर्मगुरूओं और अलग धर्मों को मानने वाले गुरूओं के लिए कराई गई। फिल्म 'ओह माई गॉड' में अक्षय कुमार और सलमान खान एक साथ नजर आएंगे।'ओह माई गॉड' पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए लखनऊ के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में प्रमोद पांडेय ने याचिका दायर की है। जिसमें फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका मानना है कि फिल्म में अभिनेता परेश रावल को गंगा जल में शराब मिलाते दिखाया गया है। ऐसे में उन्होंने अक्षय कुमार, परेश रावल और निर्देशक उमेश शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इस मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी इंतिखाब आलम ने हजरतगंज पुलिस स्टेशन से रिपोर्ट की मांग की है। हालांकि इस मामले की अगली सुनवाई चार अक्टूबर को होगी।बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा प्रभुदेवा के साथ 'ओह माई गॉड' में एक स्पेशल आइटम नंबर थिरकते दिखाईं देंगी। फिल्म में सलमान की आवाज का इस्तेमाल सिर्फ प्रोमो के लिए किया गया है।इस फिल्म के रिलीज से पहले ही फिल्म का सीक्वेल बनाने का प्लान हो चुका है। परेश रावल के मुताबिक, इस बार वो खुद फिल्म का निर्माण करेंगे।
फिल्म के सितारे
परेश रावल और अक्षय कुमार एक बार फिर रूपहले पर्दे पर नज़र आ रहे हैं। इन दोनों की केमिस्ट्री हमेशा से पर्दे पर पसंद की जाती रही है। सितारे कहते हैं कि 'ओह माई गॉड' में भी परेश और अक्षय दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होंगे। अंक ज्योतिष के अनुसार परेश का मूलांक तीन है और अक्षय का 9 मूलांक है। इन दोनों मूलांक वालों के बीच अच्छी दोस्ती होती है। यही वजह है कि दोनों ने मिलकर साझेदारी में फिल्म बनाने का फैसला किया। इन दोनों स्टार्स का भाग्यांक 5 है जो इस वर्ष के हिसाब से इनके लिए लकी है। 'ओह माई गॉड' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन संतोषजनक रहेगा। रवि योग में फिल्म का रिलीज होना भी फिल्म की कामयाबी के लिए शुभ है।
(राकेश झा)