निर्माताः नीरज पांडे
निर्देशकः शिवम नायर
सितारेः तापसी पन्नू, मनोज बाजपेयी, पृथ्वीराज सुकुमारन, अक्षय कुमार
रेटिंग *1/2
2015 में आई अक्षय कुमार स्टारर ऐक्शन-थ्रिलर बेबी (निर्देशकः नीरज पांडे) बॉक्स ऑफिस पर ब्रांड जैसी स्थापित हुई। परिणाम यह कि अब उसकी एक किरदार शबाना (तापसी पन्नू)
के जीवन को विस्तार से बड़े पर्दे पर उतारा गया है। कहानी के इस अंदाज को अंग्रेजी में स्पिन-ऑफ कहते हैं। यानी पहले से तैयार उत्पाद से एक अन्य नया उत्पाद बना लेना! ताकि पुराने ब्रांड को दुहा जाए। परंतु नाम शबाना शुरुआती मिनटों में बता देती है कि उसमें दुधारू जैसा कुछ नहीं है।
निर्माता-लेखक नीरज पांडे ने देशभक्ति का पासा फेंका है। तीनों सेनाओं तथा सरकारी रक्षा एजेंसियों से इतर गुप्त एजेंसी दिखाई है, जो देश के दुश्मनों को खत्म करती है। इसी में शबाना को भर्ती किया जाता है क्योंकि वह ताइक्वांडो जैसे खेल की धाकड़ खिलाड़ी है। उसने मां को पीटने वाले पिता के सिर पर ऐसी चोट मारी थी कि उनकी मौत हो गई थी। दो साल उसने सुधार गृह में गुजारे। अब वह सख्तजान है। अपने क्लासमेट का प्यार उसे नहीं छूता। प्रेमी फकत ड्राइवर बना रहता है और अंततः कुछ नालायक-बिगड़ैलों के हाथों मारा जाता है।
शबाना को उसका बदला लेना है। गुप्त एजेंसी उसकी मदद करती है और फिर शबाना को एक मिशन के लिए कुआलालंपुर भेजती है। जिसमें वह अवैध हथियारों के तस्कर टोनी (पृथ्वीराज सुकुमारन) को मार गिराती है।