डिजिटल रिव्यू: जामताड़ा - सबका नंबर आएगा (वेब सीरीज)
कलाकार: स्पर्श श्रीवास्तव, अंशुमान पुष्कर, अक्षा परदसानी, दिव्येंदु भट्टाचार्य, अमित सियाल, मोनिका पंवार. पूजा झा आदि।
निर्देशक: सौमेंद्र पाधी
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
रेटिंग: **
पिछले साल सैक्रेड गेम्स 2 और बार्ड ऑफ ब्लड जैसी कमजोर वेब सीरीज से भारतीय दर्शकों को मोटा चूना लगा चुकी अमेरिकी वीडियो स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स के इरादे नए साल में भी बेहतर होते नजर नहीं आते। नेटफ्लिक्स का एक सेट पैटर्न बनता जा रहा है। वेब सीरीज की रिलीज से पहले इसे लेकर खूब शोर मचाना और फिर एक कमजोर कहानी पर बनी औसत से भी खराब वेबसीरीज रिलीज करके शांत हो जाना। फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा ये भी है कि नेटफ्लिक्स इन दिनों दोनों हाथों से कंटेंट बटोर रहा है लेकिन इसकी गुणवत्ता परखने वाला इनके मुंबई दफ्तर में कोई नहीं है। जामताड़ा नेटफ्लिक्स के हिंदी कंटेंट पर घोस्ट स्टोरीज के बाद इस साल का दूसरा कलंक है।