Mere Pyare Prime Minister
- फोटो : social media
राकेश ओम प्रकाश मेहरा की नई फिल्म मेरे प्यारे प्राइम मिनिस्टर का ट्रेलर भरत व्यास के कंपोज किए 1959 में रिलीज हुई फिल्म नवरंग के गाने के बहाने हमें उस दौर का क्लू भी देता है। जब राज कपूर ने अब दिल्ली दूर नहीं बनाकर ये संदेश दिया था कि जब सरकारें बच्चों तक नहीं पहुंच पाती हैं तो बच्चे सरकार के दरवाजे तक पहुंच जाते हैं।
फिल्म में कोई बड़ा सितारा नहीं है, कोई नामचीन चेहरा नहीं है, ट्रेलर आपको पिछले साल रिलीज हुई फिल्म हल्का की याद भी दिला सकती है। लेकिन, टॉयलेट एक प्रेम कथा और हलका जैसी फिल्में अगर आज के फिल्मकार बना रहे हैं, तो ये हिंदी सिनेमा में और साथ ही साथ इसके दर्शकों में आ रहे एक बड़े बदलाव की निशानी भी है।
कम लोगों की ही पता होगा कि राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने अमिताभ बच्चन के पहले कमर्शियल से लेकर तमाम सारे नए ट्रेंड्स भारतीय मनोरंजन उद्योग को दिए हैं। लेकिन, रंग दे बसंती और भाग मिल्खा भाग जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाला डायरेक्टर मिर्ज्या जैसी फ्लॉप देने के बाद अपनी अगली फिल्म की रिलीज के लिए संघर्ष करता है, यही इस इंडस्ट्री का चाल, चरित्र और चेहरा है।