कैप्टन मार्वेल ने एवेंजर्स सीरीज के चाहने वालों के साथ-साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना दम दिखा दिया है। अब बारी है एंवेजर्स सीरीज की सबसे बड़ी फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' की। फिल्म का ट्रेलर आते ही इंटरनेट पर वायरल हो चुका है।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत वहां से होती है जहां से मार्वेल के सुपरहीरोज की कहानी शुरू होती है। एक गुफा में बना आयरनमैन। एक इंजेक्शन से डीएनए में आए बदलाव से बना कैप्टन अमेरिका। किसी दूसरे ग्रह से आया थॉर। हॉक आई। ब्लैक विडो। सब एक-एक कर सामने आते हैं। ये सारे सुपरहीरोज अब भी दुनिया में कायम हैं। 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' की बातें सबको याद आ रही हैं। साथी सुपरहीरोज की शहादत याद करके सब एक जुट हो रहे हैं। आयरनमैन फिर से खुद को तैयार कर रहा है। इन सबसे आ मिलती है, 'कैप्टन मार्वेल'। थॉर कहता भी है, ‘इस लड़की में बहुत दम है।‘
रुसो ब्रदर्स ने पूरी फिल्म का ताना बाना दो मिनट 28 सेकंड के इस ट्रेलर में बखूबी बुन लिया है। बस छोड़ दिया है फिल्म का असली सूत्र और वह है थानोस। ट्रेलर में एंटमैन और हल्क भी नहीं दिखते। थानोस की मचाई तबाही से दुनिया को बचाने की आखिरी कोशिश होगी 'एवेंजर्स: एंडगेम' में। ट्रेलर इस एंडगेम का असली गेम नहीं खोलता है। वह बस इस महामुकाबले का दायरा दिखाता है।
'एवेंजर्स' सीरीज के फैंस के व्हाट्सऐप ग्रुप्स में ये ट्रेलर रिलीज होने के मिनट भर में ही फैल चुका है। अब इस ट्रेलर से थ्योरीज निकलेंगी। 26 अप्रैल तक तरह-तरह के अनुमान लगाए जाएंगे। बन जाएगा वह आधार जिस पर खड़ी होगी मार्वेल स्टूडियोज की पिछले एक साल से सबसे ज्यादा चर्चा में रही इस फिल्म की इमारत। ट्रेलर में वाकई बहुत दम है।