मोहनदास करमचंद गांधी के महात्मा गांधी बन जाने की बात समझाने के लिए मशहूर निर्देशक राजकुमार हीरानी ने जो सौ सेकंड का वीडियो बनाया है, उसे हर हिंदुस्तानी को देखना ही चाहिए। आम इंसान कोई बात कहे तो दूसरे आम इंसान को समझानी थोड़ी मुश्किल होती है इसीलिए गांधी की आम बातों को राजू ने इस बार जन जन तक पहुंचाने के लिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों की मदद ली है। एक ही वीडियो में आमिर, सलमान और शाहरुख को देखना सुखद है।
गांधीजी के विचार दोहराते इन दिग्गजों का ये वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में तमाम सितारे बापू के संदेशों को दोहराते नजर आते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर जारी किया गया ये श्वेत श्याम वीडियो बहुत ही सुकून देता है। मोदी के बचपन पर चलो जीते हैं फिल्म बना चुके महावीर जैन की आहुति भी इस गांधी यज्ञ में पड़ी है। वीडियो का उनवान राजू की फिल्म मुन्नाभाई के गाने से ही होता है और यही वो गाना है जिसने नई पीढ़ी को गांधी के बारे में फिर से पढ़ने की प्रेरणा दी है।