हिंदी फिल्मों का दौर कोई भी रहा हो, हर दौर में मां पर आधारित कहानी खूब देखने को मिली हैं। इन फिल्मों के जरिए मां की महानता, ममता, त्याग और प्यार को बहुत ही बेहतरीन ढंग से दिखाया गया है। मदर्स डे के मौके पर हम आपको ऐसी ही कुछ चुनिंदा फिल्मों के बारे में बता रहे हैं।
मॉम
श्रीदेवी अभिनीत फिल्म ‘मॉम(2017)’ एक क्राइम थ्रिलर फिल्म थी। एक मां कैसे अपनी बेटी का उत्पीड़न करने वाले लोगों से बदला लेती है, इसी कहानी ईद-गिर्द फिल्म बनी थी। फिल्म में श्रीदेवी के अभिनय को खूब सराहा गया, उन्होंने एक मां के दर्द और प्रतिशोध को बहुत ही बेहतरीन तरीके से बड़े पर्दे पर दिखाया। इस फिल्म को रवि उदयवार ने निर्देशित किया था।
मदर इंडिया
महबूब खान निर्देशित फिल्म ‘मदर इंडिया (1957)’ की कहानी एक सशक्त महिला और मां के जीवन को दिखाती है। फिल्म में राधा बनीं नरगिस दत्त जीवन में आने वाले हर संघर्ष का सामना करती है, अपने बच्चों की परवरिश करती है। फिल्म के आखिर में जब उसका बेटा ही एक गलत फैसला लेता है, एक अपराध को अंजाम देता है तो वह उसे भी माफ नहीं करती, उसे गोली मार देती है।
जज्बा
संजय गुप्ता निर्देशित फिल्म ‘जज्बा(2015)’ में ऐश्वर्या राय ने एक वकील और मां की भूमिका निभाई। इस फिल्म में अपनी किडनैप हो चुकी बेटी को बचाने के लिए ऐश्वर्या राय का किरदार एक क्रिमिनल को बचाता है। इस रास्ते पर उसे किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और वह मां का फर्ज कैसी निभाती है, यही फिल्म की कहानी है।