खतरनाक मिशन पर एथन हंट की वापसी
सिनेमा जगत की इस सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म का ट्रेलर पैरामाउंट पिक्चर्स इंडिया के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। दावे किए जा रहे हैं कि यह इस साल की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म साबित होगी। ट्रेलर में दिखाया गया है कि एथन हंट (टॉम क्रूज) ने अपने खतरनाक मिशन पर वापसी की है। ट्रेलर की शुरुआत में आवाज सुनाई पड़ती है, 'यह सब सच नहीं हो सकता।'
‘मिशन इम्पॉसिबल द फाइनल रेकनिंग’ ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
'हमारी जिंदगी हमारे ही फैसलों का लेखा-जोखा है'
फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि टॉम क्रूज शक्तिशाली एआई के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखते हैं, जहां से डेड रेकनिंग का पहला भाग खत्म हुआ था। 'हर देश छोटा या बड़ा, इस वक्त डर के साए में है' और 'हमारी जिंदगी हमारे ही फैसलों का लेखा-जोखा है' जैसे कुछ पंचिंग डायलॉग ट्रेलर में हैं।
रोमांच के साथ इमोशंस भी
टॉम क्रूज अपने आइकॉनिक किरदार में दर्शकों का भरोसा जीतने आए हैं। इस बार कहानी न सिर्फ रोमांच से भरपूर होगी, बल्कि इमोशंस भी भरपूर होंगे। ‘मिशन: इम्पॉसिबल द फाइनल रेकनिंग’ अमेरिकी एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। इसके निर्देशन की कमान क्रिस्टोफर मैकक्वेरी ने संभाली है। फिल्म को पैरामाउंट पिक्चर्स और स्काईडांस के बैनर तले टॉम क्रूज प्रोडक्शन ने पेश किया है।
‘मिशन इम्पॉसिबल द फाइनल रेकनिंग’ ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
इस दिन होगी रिलीज
'मिशन: इम्पॉसिबल – द फाइनल रेकनिंग' 23 मई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। फिलहाल ट्रेलर पर यूजर्स की प्रतिक्रिया सकारात्मक आ रही है। इस फिल्म के अन्य कलाकारों में विंग रेम्स और साइमन पेग शामिल हैं, जो एथन के आईएमएफ टीम के साथी लूथर स्टिकेल और बेनजी डन की भूमिका में हैं। हेले एटवेल ग्रेस की भूमिका में, एसाई मोरालेस गेब्रियल की भूमिका में, वैनेसा किर्बी अलाना मित्सोपोलिस की भूमिका में और पॉम क्लेमेंटिएफ पेरिस की भूमिका में नजर आएंगे। नए कलाकारों में हन्नाह वाडिंग हैम, कैटी ओ'ब्रायन, जेनेट मैकटीर, लुसी तुलुगरजुक और ट्रैमेल टिलमैन शामिल हैं।