मनिका ने फैंस से किया अनुरोध
अयोध्या की रामलीला के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया गया है। इसमें मनिका बोलती दिख रही हैं, 'जय श्रीराम, मैं अयोध्या की रामलीला में माता सीता का किरदार अदा करने जा रही हूं। यह मेरे लिए एक सौभाग्य की बात है कि भगवान श्रीराम के आशीर्वाद, बजरंगबली के आशीर्वाद और अयोध्यावासियों के आशीर्वाद से यह किरदार अदा करूंगी। आप सभी से विनम्र अनुरोध है कि इस वर्ष की अयोध्या की रामलीला में मेरे मां सीता के किरदार को देखना न भूलें'।
बोलीं- 'श्रीराम की कृपा है'
वहीं, मनिका ने खुशी जताते हुए आगे कहा, 'मैं लंबे समय से अयोध्या जाने की सोच रही थी, लेकिन किसी कारण से इसमें देरी हो रही थी। अब, श्रीराम के आशीर्वाद से आखिरकार मैं माता सीता के रूप में अयोध्या जा रही हूं, जिससे मुझे बहुत खुशी है। यह वर्ष मेरे लिए कई मायनों में बहुत खास है। भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से मुझे दुनिया की सबसे बड़ी रामलीला में मां सीता की भूमिका निभाने का अवसर मिला है। मैं बहुत उत्साहित हूं'।
आयोजकों को कहा शुक्रिया
राजस्थान की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा मिस यूनिवर्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मनिका ने कहा कि उन्हें यह भूमिका निभाने को मिली, इसके लिए वे खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। मनिका ने अयोध्या रामलीला के आयोजकों सुभाष मलिक (बॉबी) का आभार जताया। आयोजकों सुभाष मलिक और शुभम मलिक ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला में फिल्म और मनोरंजन इंडस्ट्री के जाने-माने नाम एक साथ आएंगे।