साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म मस्ती की फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट आई है। रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी की तिकड़ी वाली मस्ती 4 ने आज बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दे दी है। लंबे समय से इस फिल्म को लेकर उम्मीदें थीं और अब पहले दिन के आंकड़े सामने आ गए हैं। फिल्म ने ओपनिंग कलेक्शन के मामले में कैसा परफॉर्म किया है, चलिए जानते हैं।
फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन
फिल्म ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, मस्ती 4 ने पहले दिन 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि फिल्म ने धीमी लेकिन स्थिर शुरुआत दर्ज की है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और लंबे समय बाद तीनों एक्टर्स की वापसी को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि फिल्म ओपनिंग डे पर 4 करोड़ के करीब पहुंच सकती थी। बावजूद इसके, शुक्रवार की धीमी शुरुआत के साथ भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी है।
नौ साल बाद रिलीज हुआ अगला पार्ट
दर्शकों की रुचि का बड़ा कारण यह है कि यह फ्रेंचाइजी 2004 में आई पहली ‘मस्ती’ से ही अपनी बोल्ड कॉमेडी और तीन दोस्तों की केमिस्ट्री के लिए जानी जाती है। ग्रैंड मस्ती और ग्रेट ग्रैंड मस्ती के बाद लगभग नौ साल बाद यह चौथा पार्ट रिलीज हुआ है। एक बार फिर रितेश देशमुख ‘अमर’, विवेक ओबेरॉय ‘मीत’ और आफताब शिवदासानी ‘प्रेम’ के किरदारों को निभा रहे हैं, जिनकी जिंदगी शादी के बाद नीरस हो जाती है और वही पुरानी शरारतें वापस शुरू हो जाती हैं। फिल्म का ट्रैक पुराने दर्शकों के लिए नॉस्टैल्जिया लेकर आया है।
यह खबर भी पढ़ें: Masti 4 Movie Review: ये मस्ती नहीं..मुसीबत है, कॉमेडी के नाम पर परोसा कचरा; धैर्य की परीक्षा लेती है फिल्म
फिल्म की स्टारकास्ट में नए चेहरे
इस बार कहानी को नए अंदाज में पेश करने के लिए फिल्म में एलनाज नोरोजी, नरगिस फाखरी, अरशद वारसी, नतालिया जानोशेक जैसे कलाकार भी जुड़े हैं। इन किरदारों के आने से फिल्म का कॉमिक टेंपो और तेज हुआ है।