मनीष पॉल अब इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने छोटे पर्दे पर होस्टिंग कर अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद मनीष ने बॉलीवुड में हाथ अजमाया और 'मिकी वायरस' के साथ बड़े पर्दे पर डेब्यू किया।
विज्ञापन
अपने करियर में होस्ट और अभिनेता ने बॉलीवुड के कई दिग्गजों के साथ स्टेज शेयर किया। अब हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया और शाहरुख खान, सलमान खान, करण जौहर के साथ काम करने को लेकर अपना अनुभव बताया।
Trending Videos
मनीष पॉल और करण जौहर
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या बोले मनीष पॉल?
जूम के साथ बात करते हुए मनीष ने बताया कि उन्होंने करण जौहर के साथ काम किया है, उनके साथ मजाक करते हैं, लेकिन निर्माता-निर्देशन ने कभी उनकी बातों का बुरा नहीं माना।
मनीष बोले, 'करण सर मेरे साथ काम करने वाले सबसे शानदार को-होस्ट हैं। शाहरुख खान सर और सलमान सर इतने बड़े सितारे हैं, लेकिन उनमें दूसरों को सहज महसूस कराने की खासियत है। वे इतने बड़े नाम हैं कि चाहें तो इस बात को लेकर सोच सकते हैं कि कहीं मनीष उनसे ज्यादा न बोलने लगे। लेकिन वे ऐसा कभी नहीं करते।'
मनीष ने आगे कहा, 'मैं करण सर का काफी मजाक उड़ाता हूं और हम साथ में खूब मस्ती करते हैं। भगवान का शुक्र है कि लोगों को भी यह पसंद आता है। करण सर ने मेरी किसी भी बात का कभी बुरा नहीं माना। मैंने उनके साथ कई बार मजाक किया है। यह मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे पता है कि कब रुकना है। मैं अपनी हद पार नहीं करता।'
मनीष पॉल और शाहरुख खान
- फोटो : सोशल मीडिया
शाहरुख खान को लेकर क्या बोले मनीष पॉल?
मनीष पॉल ने शाहरुख खान के साथ एक इवेंट होस्ट करने का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह नए थे, तब शाहरुख के साथ काम करते हुए काफी घबराते थे। ऐसे में शाहरुख ने उन्हें सहज महसूस कराया।
मनीष ने कहा, 'मुझे याद है कि मैंने शाहरुख खान के साथ मुंबई पुलिस के कई शो होस्ट किए थे। उस समय मैं नया था और काफी नर्वस रहता था। एक बार उन्होंने मुझे अपने वैनिटी वैन में बुलाया। जब मैं अंदर गया तो उन्होंने बहुत गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया।'
मनीष के मुताबिक, फिर शाहरुख सर ने स्क्रिप्ट देखी और पाया कि सभी डायलॉग और जोक्स उनको ही दे दिए थे। मनीष के लिए कुछ नहीं था। ऐसे में किंग खान ने सवाल उठाया कि अगर सारे डायलॉग और जोक्स मुझे ही देने थे, तो फिर यह यहां खड़ा क्या कर रहा है?' मनीष के मुताबिक, शाहरुख ने आगे कहा, 'यह यहां सिर्फ खड़े रहने के लिए नहीं आया है।' इसके बाद किंग ने मनीष से कहा, 'मनीष, मेरे ऊपर भी दो-चार जोक्स करो।'
मनीष ने की सलमान खान की तारीफ
मनीष पॉल ने सलमान खान के होस्टिंग स्टाइल की भी तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर पैपराजी की आलोचना करते हुए सलमान की हालिया टिप्पणी का समर्थन किया। मनीष ने कहा, 'यह बहुत शानदार था और इसकी काफी जरूरत थी। भगवान का शुक्र है कि उन्होंने ऐसा किया। मुझे लगता है कि वह अकेले ऐसे शख्स हैं, जिनकी बात लोग सुनेंगे। अब लोग उनकी बात सुन भी रहे हैं। जब भाई कुछ कहते हैं, तो फिर बात वहीं खत्म हो जाती है।'