ममता कुलकर्णी ने जमाई महफिल
ममता कुलकर्णी कल शुक्रवार को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुईं। यह विद्यार्थियों से जुड़ा फेस्टिवल था। इसमें ममता कुलकर्णी ने न सिर्फ शिरकत की, बल्कि स्टेज पर डांस परफॉर्मेंस भी दी। उन्होंने अपने 90 के दशक के चर्चित गानों पर डांस किया। ममता ने 'करण अर्जुन', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' से लेकर 'घातक' तक के गानों पर धमाकेदर डांस कर महफिल जमा दी।
'करण अर्जुन' के गाने पर थिरकीं ममता
ममता कुलकर्णी ने एक डांस वीडियो खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया है। इसमें वे फिल्म 'करण अर्जुन' के हिट गाने 'भंगड़ा पाले' पर डांस करती नजर आ रही हैं। इस इवेंट में ममता का एक बार फिर पुराना ग्लैमरस अंदाज देखने को मिला। बता दें कि साल 1995 में आई फिल्म 'करण अर्जुन' में सलमान खान और शाहरुख खान के साथ काजोल और ममता कुलकर्णी अहम भूमिका में थीं।
नेटिजंस ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
ममता को डांस करते देख उनके फैंस का तो मानो दिन बन गया। सभी को एक बार फिर 90 का वही दौर याद आ गया, जब ममता का सिक्का इंडस्ट्री में चलता था। वहीं, कुछ यूजर्स चौंक गए और सवाल किया कि इन्होंने तो संन्यास ले लिया था। कुछ यूजर्स ने ममता से गुजारिश करते हुए कहा कि वे एक बार फिर सिनेमा की दुनिया में वापसी करें।