दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली की सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ को रिलीज हुए तीन साल का समय बीत चुका है। लेकिन फिल्म की उपलब्धियों में अभी भी बढ़ोत्तरी हो रही है। अब आरआरआर की उपलब्धि में एक और कड़ी जुड़ने जा रही है। राजामौली की ‘आरआरआर’ अब लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में दिखाई जाएगी। यहां फिल्म का लाइव प्रदर्शन होगा। इसके लिए आरआरआर की टीम लंदन रवाना हो गई है। लेकिन अब इस टीम में एक और सुपरस्टार की एंट्री हो चुकी है। सबसे खास बात ये है कि ये सुपरस्टार इस फिल्म का हिस्सा भी नहीं है।
टीम के साथ जुड़े महेश बाबू
आरआरआर के गाने ‘नाटू-नाटू’ के लिए ऑस्कर जीतने वाले संगीतकार एमएम कीरवानी आज रात में लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में रॉयल फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा के साथ 'आरआरआर' का साउंडट्रैक लाइव प्रस्तुत करेंगे। अब ताजा अपडेट यह है कि सुपरस्टार महेश बाबू भी इस दौरान आरआरआर की टीम के साथ लंदन में मौजूद रहेंगे और इस कॉन्सर्ट में हिस्सा लेंगे। महेश बाबू लंदन में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को देखने के लिए फिल्म के मुख्य अभिनेताओं, जूनियर एनटीआर और राम चरण व निर्देशक राजामौली समेत अन्य टीम के साथ शामिल होंगे। जाहिर है कि महेश बाबू आरआरआर का हिस्सा नहीं हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Javed Akhtar: क्यों सरकार की आलोचना करने से बचते हैं बॉलीवुड स्टार्स, जावेद अख्तर ने बताई ये बड़ी वजह
राजामौली की ‘एसएसएमबी 29’ में नजर आएंगे महेश बाबू
महेश बाबू एसएस राजामौली की अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एसएसएमबी 29’ में नजर आएंगे। मौजूदा वक्त में फिल्म की शूटिंग चल रही है। हाल ही में फिल्म की शूटिंग हैदराबाद और ओडिशा में हुई थी। अब अगला मेन शेड्यूल हैदराबाद और एक अन्य लोकेशन पर होना तय है। हालांकि अभी इस लोकेशन की जानकारी सामने नहीं आई है। ‘एसएसएमबी 29’ में पहली बार महेश बाबू एसएस राजामौली के साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म में महेश बाबू के अलावा पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रियंका चोपड़ा भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
यह खबर भी पढ़ें: Ace Trailer: 'ऐस' का धमाकेदार ट्रेलर हुआ रिलीज, एक्शन, रोमांस और थ्रिलर से भरपूर है विजय सेतुपति की फिल्म