बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र के साथ फिल्म 'पापी देवता' में काम किया था। यह फिल्म साल 1995 में रिलीज हुई थी। माधुरी दीक्षित ने हाल ही में न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में दिवंगत एक्टर के बारे में बात कीं। बॉलीवुड के 'ही-मैन' के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे कमाल के एक्टर और उससे भी बढ़कर शानदार इंसान थे।
'हमेशा आत्मीयता से मिलते थे'
धर्मेंद्र के बारे में बात करते हुए माधुरी दीक्षित की आंखों में इमोशंस उतर आए। उन्होंने एक्टर को याद करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि मैंने उनके साथ एक फिल्म (पापी देवता) में काम किया है। वह उस फिल्म में थे। बहुत ही कमाल के इंसान थे वे। मैं उनसे कई बार मिली थी। वह हमेशा बहुत अच्छे से, आत्मीयता से मिलते थे। बेहद डाउन टू अर्थ थे और अपने दौर में बहुत हैंडसम रहे हैं'।