सलमान खान की फिल्मों का दर्शकों को हमेशा इंतजार रहता है। ऐसे में जब उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' का ट्रेलर रिलीज हुआ, तो फैंस के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई। लंबे समय से सलमान को एक दमदार फिल्म में देखने का इंतजार कर रहे कुछ दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म उनके करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित होगी।
हालांकि, ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां कुछ लोगों ने फिल्म की तारीफ की, वहीं कई दर्शकों ने इसके मेकिंग से लेकर सलमान की एक्टिंग तक पर सवाल खड़े कर दिए। सबसे ज्यादा नाराजगी ट्रेलर की लंबाई को लेकर देखने को मिली। करीब चार मिनट के इस ट्रेलर को देखकर लोगों का कहना है कि मेकर्स ने फिल्म की कहानी का इतना कुछ दिखा दिया है कि अब सस्पेंस के लिए कुछ बचा ही नहीं है।
मातृभूमि
- फोटो : सोशल मीडिया
'मातृभूमि' के ट्रेलर पर शुरू हुई आलोचना
10 नवंबर को रिलीज हुए इस ट्रेलर में सलमान खान भारतीय सेना के एक अधिकारी की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो एक भीषण युद्ध के बीच फंसे हैं। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, युद्ध के सीन, भावुक डायलॉग और देशभक्ति से भरे कई पल देखने को मिलते हैं। फिल्म में युद्ध के दौरान सैनिकों की कुर्बानी और उससे जुड़े मानवीय पहलुओं को भी दिखाने की कोशिश की गई है। हालांकि, एक्स पर कई दर्शकों को ट्रेलर का अंदाज खास पसंद नहीं आया।
एक यूजर ने इसे 'क्रिंज' बताते हुए सलमान के एक्सप्रेशंस और डायलॉग बोलने के अंदाज पर सवाल उठाए। वहीं, एक अन्य यूजर ने सलमान के करियर में आई गिरावट के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया और फिल्म के विजुअल्स की भी आलोचना की। एक दर्शक ने तो सलमान की तुलना तेलुगु अभिनेता बालैया से कर दी। वहीं, एक यूजर ने सवाल किया कि जब कई साल से उनकी कोई फिल्म उनके स्टारडम के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है, तो आखिर वह अपनी विरासत को दांव पर क्यों लगा रहे हैं।
मातृभूमि
- फोटो : सोशल मीडिया
एआई और ग्रीन स्क्रीन के इस्तेमाल पर भी उठे सवाल
ट्रेलर देखने के बाद कुछ दर्शकों ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स और मेकिंग को लेकर भी नाराजगी जताई। लोगों को इसमें एआई और ग्रीन स्क्रीन का इस्तेमाल खटक रहा है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'मातृभूमि का ट्रेलर देखकर समझ आता है कि एआई खतरनाक क्यों है। अब तो बस हो गया!'
चार मिनट के ट्रेलर ने खोल दी पूरी कहानी?
हालांकि, दर्शकों की सबसे बड़ी शिकायत ट्रेलर की लंबाई को लेकर रही। करीब चार मिनट के इस ट्रेलर को देखकर कई लोगों को लगा कि मेकर्स ने फिल्म की कहानी के अहम हिस्से पहले ही दिखा दिए हैं। यूट्यूब पर भी लोगों ने इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी। किसी ने लिखा, 'पूरी फिल्म ही ट्रेलर में दिखा दी', तो किसी ने कहा कि फिल्म ही देख ली।' एक दर्शक ने तो यहां तक लिख दिया, 'पूरी फिल्म मैंने देख ली। अब सस्पेंस के लिए कुछ भी नहीं बचा।'
मातृभूमि
- फोटो : यूट्यूब
कुछ दर्शकों को अब भी सलमान से उम्मीद
ऐसा नहीं है कि ट्रेलर को पूरी तरह नापसंद किया गया हो। कुछ दर्शकों को इसका ओवरऑल अंदाज पसंद आया, लेकिन उनका मानना था कि फिल्म में विजुअल्स और कलर ग्रेडिंग को जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल किया गया है।
साथ ही, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ट्रेलर में इतने सारे सीन दिखाने की क्या जरूरत थी। इसके बावजूद उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म सलमान खान को एक बार फिर उनके पुराने दमदार अंदाज में पर्दे पर वापस ला सकती है। वहीं, कुछ दर्शकों का मानना है कि सलमान को सही मायनों में वापसी करने के लिए अभी एक और फिल्म की जरूरत पड़ सकती है।
गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है फिल्म
बता दें कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। यह फिल्म जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने इस संघर्ष के दौरान भारतीय सैनिकों का नेतृत्व किया था।
फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, ज़ेन शॉ और अभिलाष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, विजय राज ने फिल्म में नैरेशन दिया है। पहले इस फिल्म का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर 'मातृभूमि' कर दिया गया। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।