बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और विद्या बालन जल्द ही एक नई फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। 'द लंचबॉक्स' जैसी चर्चित फिल्म बना चुके डायरेक्टर रितेश बत्रा अपनी अगली फिल्म 'लॉन्ग इयर्स अगो' लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म को जियो स्टूडियोज का साथ मिला है, जिसकी कमान ज्योति देशपांडे संभाल रही हैं। ज्योति इससे पहले फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन से भी जुड़ी रही हैं।
सैफ अली खान
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या होगाी फिल्म की कहानी?
इस फिल्म में सैफ और विद्या के साथ फ्रेंच एक्ट्रेस मेलानी लॉरेंट भी अहम भूमिका निभाएंगी। यह एक फैमिली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म होगी, जिसकी कहानी साल 1991 में सेट की गई है। फिल्म की ज्यादातर शूटिंग मुंबई में की जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'लॉन्ग इयर्स अगो' की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिसके सदस्य कई वर्षों से एक-दूसरे से जरूरी बातें करने से बचते रहे, लेकिन जब हालात उन्हें अपने दिल की बात कहने के लिए मजबूर करते हैं, तो परिवार के रिश्तों में क्या बदलाव आते हैं, यही फिल्म में दिखाया जाएगा।
रितेश बत्रा
- फोटो : इंस्टाग्राम @riteshbatra_2666
रितेश बत्रा ने जाहिर की खुशी
फिल्म को लेकर डायरेक्टर रितेश बत्रा ने अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सैफ अली खान, विद्या बालन और मेलानी लॉरेंट जैसे बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के किरदार उनके दिल के बेहद करीब हैं और वह इन कलाकारों को उन किरदारों में देखने के लिए उत्साहित हैं।
वहीं, सैफ भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। अभिनेता ने बताया कि फिल्म की कहानी ने उन्हें शुरुआत से ही प्रभावित किया। इसके साथ ही सैफ ने कहा कि मेलानी, विद्या और इस शानदार टीम के साथ काम करना उनके लिए खुशी की बात है। वह चाहते हैं कि दुनियाभर के दर्शक इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखें।
विद्या बालन
- फोटो : X
क्या बोलीं विद्या बालन?
विद्या बालन ने भी इस फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जताई है। एक्ट्रेस ने बताया कि वह साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म 'द लंचबॉक्स' देखने के बाद से ही रितेश बत्रा के साथ काम करना चाहती थीं। इस फिल्म में इरफान खान और निमरत कौर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। अब लंबे समय बाद विद्या को रितेश के निर्देशन में काम करने का मौका मिला है।
21 साल बाद साथ काम करेंगे सैफ और विद्या
बता दें कि अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री विद्या बालन इससे पहले साल 2005 में आई फिल्म 'परिणीता' और 'एकलव्य: द रॉयल गार्ड' में साथ काम कर चुके हैं। अब यह जोड़ी 21 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ काम करते हुए नजर आएगी। ऐसे में फैंस इस बात को लेकर काफी उत्साहित हैं।
रितेश बत्रा
- फोटो : सोशल मीडिया
इन फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं रितेश बत्रा
रितेश बत्रा इससे पहले 'द लंचबॉक्स' के अलावा 'अवर सोल्स एट नाइट' और 'फोटोग्राफ' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने नेटफ्लिक्स की आने वाली सीरीज 'अनअकस्टम्ड अर्थ' के शुरुआती हिस्से का निर्देशन भी किया है।