फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन: नहीं रहे साउथ के दिग्गज निर्माता; 94 वर्ष की आयु में दुनिया को कहा अलविदा

Sun, 04 Oct 2026 10:33 AM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Singeetham Srinivasa Rao Death: दिग्गज फिल्म निर्माता सिंगीथम श्रीनिवास राव नहीं रहे। शनिवार 03 अक्तूबर को चेन्नई में उनका निधन हो गया। वे सिनेमा की समृद्ध विरासत छोड़कर गए हैं। 
विज्ञापन
सिंगीथम श्रीनिवास राव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साउथ फिल्म जगत के दिग्गज निर्माता-निर्देशक सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे। करीब छह दशक तक इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ने वाले सिंगीथम श्रीनिवास बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने 'पुष्पक विमाना', 'आदित्य 369' और 'सिंग गीथम' जैसी फिल्में बनाईं। वे संगीतकार भी थे। उनके निधन से इंडस्ट्री को झटका लगा है। जूनियर एनटीआर से लेकर चिरंजीवी तक कई सितारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

विज्ञापन

लीक से हटकर फिल्में बनाते थे 
सिंगीथम श्रीनिवास राव का कल शनिवार रात चेन्नई में निधन हो गया। उम्र संबंधी तकलीफों के चलते वे बीमार थे। सिंगीथम को तबीयत खराब होने के बाद चेन्नई के  कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। सिंगीथम श्रीनिवास को लीक से हटकर फिल्में बनाने के लिए जाना जाता था। उनके निधन पर इंडस्ट्री के लोगों ने उनकी छह दशकों की समृद्ध विरासत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्हें 'पुष्पक विमानम' और टाइम-ट्रैवल पर आधारित शानदार फिल्म 'आदित्य 369' जैसी फिल्मों के लिए जाना गया। 

जाते-जाते भी दर्शकों को दे गए शानदार फिल्म
  • 21 सितंबर, 1931 को आंध्र प्रदेश के गुडूर में जन्मे सिंगीथम ने अपने करियर की शुरुआत फिल्ममेकर एल.वी. प्रसाद के असिस्टेंट के तौर पर की थी। 
  • उन्होंने 1972 में 'नीति निजयिती' से बतौर डायरेक्टर अपना सफर शुरू किया और कई तरह की जॉनर और भाषाओं में फिल्में बनाईं। 
  • फिल्म बनाने का उनका जुनून 90 साल की उम्र के बाद भी बना रहा। 
  • उनके निर्देशन में बनी उनकी आखिरी फिल्म 'सिंग गीथम' इसी साल रिलीज हुई। इसके साथ ही वे दुनिया के सबसे उम्रदराज एक्टिव फिल्ममेकर्स में से एक बन गए।
  • 'सिंग गीथम' को नाग अश्विन ने प्रोड्यूस किया और यह एक म्यूजिकल फैंटेसी फिल्म है। यह फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज हुई थी।

आज होगा अंतिम संस्कार
सिंगीथम के निधन की खबर की पुष्टि परिवार की तरफ से की गई है। निर्माता के पोते अश्विन ने बताया कि फिल्ममेकर का अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे चेन्नई के एवीएम श्मशान घाट पर किया जाएगा।

सितारों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
सिंगीथम श्रीनिवास राव के निधन की सूचना मिलने के बाद एक्टर्स, फिल्ममेकर्स और इंडस्ट्री के दिग्गज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। एक्टर जूनियर एनटीआर ने सिंगीथम को याद करते हुए कहा, 'वे एक दूरदर्शी थे, जो अपने समय से आगे की सोचते थे। वे ऐसी फिल्में बनाते थे, जो कई पीढ़ियों के बाद भी नई लगती हैं'।
 

चिरंजीवी बोले- आपको बहुत याद करेंगे गारू
चिरंजीवी ने लिखा है, 'सिंगीथम श्रीनिवास राव गारू के निधन से गहरा दुख हुआ। वे एक सच्चे दूरदर्शी थे। उनकी कल्पना-शक्ति और नए विचारों को आजमाने के साहस ने भारतीय सिनेमा को कुछ ऐसी फिल्में दीं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।  उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। सिंगीतम गारू, हम आपको बहुत याद करेंगे। आपकी फिल्में आने वाली पीढ़ियों से भी बात करती रहेंगी'।
 
विज्ञापन

सुधीर बाबू, देवी श्री प्रसाद और वेंकटेश दग्गुबाती समेत कई अन्य सेलेब्स ने भी श्रद्धांजलि दी है।





विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें