फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dharmendra: ‘मेरी जिंदगी एक फिल्म है…’, धर्मेंद्र ने बताया कैसा है बेटे-बेटियों के साथ रिश्ता

सार

Dharmendra Interview: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में भी काफी एक्टिव हैं और फिल्मों में भी नजर आ रहे हैं। अब धर्मेंद्र ने अपनी इस फिटनेस के बारे में और अपने बेटे-बेटियों के साथ अपने रिश्तों के बारे में बात की।
विज्ञापन
धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेटरन अभिनेता धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म 'मैंने प्यार किया फिर से' में नजर आने वाले हैं, जिसमें उनके साथ अरबाज खान भी दिखाई देंगे। इस फिल्म को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं। अमर उजाला से खास बातचीत में 89 वर्षीय धर्मेंद्र ने न सिर्फ अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बताया, बल्कि अपनी फिटनेस रूटीन, बेटों सनी और बॉबी के साथ रिश्ते, सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट्स की वजह और फैंस से मिले बेइंतहा प्यार को भी बेहद दिल से साझा किया।

अरबाज के साथ काम करना जैसे वक्त को पीछे ले जाना था

विज्ञापन

बात की शुरुआत उनकी फिल्म से हुई, जिसमें वह अभिनेता अरबाज खान के साथ नजर आएंगे। धर्मेंद्र मुस्कराते हुए बताते हैं, 'अरबाज के साथ पिछली बार 'प्यार किया तो डरना क्या' में काम किया था। तब वो बिलकुल नया था। अब इतने साल बाद जब फिर साथ काम किया, तो ऐसा लगा जैसे वक्त वापस घूमकर वहीं ले आया हो। उसमें अब समझ और अनुभव आ गया है, लेकिन उसकी सादगी और सम्मान अब भी वैसे ही हैं। काम करते हुए ऐसा लगा जैसे कोई पुराना रिश्ता फिर से जी उठा हो।'

ये सिर्फ प्रेम कहानी नहीं है
फिल्म को लेकर धर्मेंद्र का मानना है कि यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें रिश्तों की गहराई है। अपनापन है, भरोसा है, जो आजकल कम देखने को मिलता है। मुझे इस फिल्म में काम करके ऐसा लगा जैसे मैंने खुद से दोबारा प्यार किया हो।

विज्ञापन

धर्मंद्र, बॉबी देओल, सनी देओल और ईशा देओल - फोटो : सोशल मीडिया

मेरे बच्चे सिर्फ वारिस नहीं, मेरी रूह के हिस्से हैं
बच्चों की बात पर धर्मेंद्र भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने बच्चों से बहुत कुछ कहे बिना भी जुड़ा रहता हूं। जानता हूं कि वे समझदार हैं, मेहनती हैं और अपने रास्ते खुद बना रहे हैं। मैं बस चुपचाप उनके लिए दुआ करता हूं।
जब उन्हें पर्दे पर देखता हूं या उनकी कोई बात सुनता हूं, तो ऐसा लगता है कि मेरी जिंदगी का सफर अभी भी चल रहा है, उनके कदमों में, उनके फैसलों में। जो सपना कभी मैंने देखा था, अब वो मेरी अगली पीढ़ी जी रही है। यही सबसे बड़ी तसल्ली है। हम सिर्फ पिता-पुत्र या पिता-पुत्री नहीं हैं, हम एक-दूसरे के हमसफर हैं।

89 की उम्र में भी मैं जिंदगी को उसी जोश से जीता हूं
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र की ताजगी और सादगी देखने लायक है। वह आज भी काफी एक्टिव रहते हैं और जिंदगी को पूरे जोश के साथ जीते हैं। जब उनसे पूछा गया कि इस उम्र में भी वो इतने फिट और एनर्जेटिक कैसे हैं, तो वह मुस्कराकर बोले, 'मैं एक किसान का बेटा हूं। खेत की मिट्टी सिर्फ हाथों पर नहीं, दिल पर भी असर करती है। उसी मिट्टी से मुझे जड़ें मिली हैं, सादगी मिली है। आज भी जब मैं फार्महाउस पर होता हूं, तो गायों से बातें करता हूं, उनके नजदीक बैठता हूं, पेड़ों की छांव में कुछ पल गुजारता हूं। वहां मुझे चैन मिलता है।'

धर्मेंद्र - फोटो : सोशल मीडिया

रोज आलाप, योग ही मेरी असली दवा है
धर्मेंद्र आगे बताते हैं कि मैं रोज 'आलाप' की प्रैक्टिस करता हूं ताकि मेरी आवाज की पकड़ बनी रहे, वो भी एक तरह की साधना है। योग करता हूं, हल्की-फुल्की कसरत भी करता हूं और सबसे जरूरी बात, मैं खुद को हमेशा खुश रखने की कोशिश करता हूं। मन और तन दोनों को शांत और सक्रिय रखना मेरी जिंदगी की आदत बन चुकी है। यही मेरी असली दवा है, जो मुझे हर दिन जिंदा और तरोताजा बनाए रखती है।

अब सोचता हूं दिल की बातों को एक किताब या वीडियो में कहूं
धर्मेंद्र की शायरी और सोशल मीडिया पोस्ट लोगों को बहुत छू जाती हैं। इस पर वह मुस्कराकर कहते हैं, 'जो बातें दिल में रह जाती हैं, वो ही अल्फाज बनकर बाहर आती हैं। कभी कोई याद, कभी अधूरी ख्वाहिश या बस कोई एहसास। अब सोचता हूं कि इन्हें एक किताब का रूप दूं, या वीडियो में बोलकर लोगों से बाटूं। शायद जब ये शब्द बाहर आएंगे, तो दिल हल्का हो जाएगा।'

विज्ञापन

धर्मेंद्र, शोले का दृष्य - फोटो : सोशल मीडिया

'शोले’ की वो शूटिंग आज भी दिल में जिंदा है
पुरानी फिल्मों की बात आते ही धर्मेंद्र थोड़ी देर के लिए जैसे किसी और समय में लौट जाते हैं। ‘शोले’ को याद करते हुए उनकी आवाज में एक खास अपनापन आ जाता है। वो मुस्कराकर कहते हैं कि एक सीन था जिसमें भगवान की मूर्ति के पीछे माइक छिपाकर डायलॉग बोलना पड़ा। उस जमाने में साधन बहुत सीमित थे, लेकिन दिल में जुनून और ईमानदारी भरपूर थी। शायद यही वजह है कि वो फिल्म आज भी लोगों के दिलों में उसी शिद्दत से जिंदा है, जैसे पहले दिन थी।

धर्मेंद्र ने बताए अपनी जिंदगी के खूबसूरत पल
अगर उनकी जिंदगी पर कोई फिल्म बने, तो उसमें कौन-से लम्हे जरूरी होंगे? इस पर धर्मेंद्र साफ दिल से कहते हैं, 'जब मैं बंबई आया था, जेब में कुछ नहीं था लेकिन आंखों में सपने थे। फिर वो दिन, जब मैंने पहली बार खुद को बड़े परदे पर देखा। सबसे खूबसूरत पल तब आया जब मेरे बच्चों ने अपने रास्ते चुने और मैंने उन्हें कलाकार बनते देखा। मेरी पूरी जिंदगी इन्हीं पलों में बसती है। मेरी जिंदगी ही एक फिल्म समान है।'

मेरे फैंस सिर्फ ऑडियंस नहीं, परिवार हैं
अपने चाहने वालों की बात करते हुए धर्मेंद्र की आवाज में बेहद अपनापन आ जाता है। उन्होंने एक याद साझा की। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मुझे ऐसे लोग मिले, जो मुझे सिर्फ एक्टर नहीं, अपना मानते हैं। एक फैन ने हाल ही में मुझे अपने पास संभालकर रखे टिकट दिखाए - 'शोले' के, गंगा थिएटर के, 3.30 रुपये, 2.20 रुपये, 1.65 रुपये वाले क्लास के। वो बोला, सर, ये मेरी दौलत है। जिस दिन आपकी फिल्म रिलीज हुई थी, मैं हर साल उसी दिन उसका पोस्टर लगाता हूं। इस 15 अगस्त को फिर 'शोले' का पोस्टर लगाऊंगा। ऐसे लोग सिर्फ ऑडियंस नहीं, मेरे परिवार जैसे हैं। जो मोहब्बत मैंने परदे पर निभाई, वो मुझे असल जिंदगी में अपने चाहने वालों से मिली है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें