भारत की स्वर कोकिला और दिग्गज गायिका लता मंगेशकर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज और यादें आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जिंदा हैं। उनके गाने हों या उनसे जुड़ी पुरानी यादें, सोशल मीडिया पर अक्सर कुछ न कुछ वायरल होता रहता है।
विज्ञापन
अब दिवाली और भाई दूज के मौके पर लता मंगेशकर का बधाई संदेश देता एक वीडियो सामने आया है। ऐसे में इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं और वह सोशल मीडिया पर रिएक्शन दे रहे हैं।
Trending Videos
लता मंगेशकर का वायरल वीडियाे
- फोटो : instagram @latamangeshkar
लता मंगेशकर ने दी बधाई
दिवंगत गायिका लता मंगेशकर के सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें स्वर कोकिला कहती हैं, 'नमस्कार दीपावली और नव वर्ष की आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कल भाई दूज है, हमारे भारतीय सेना के जवानों को मैं प्रणाम करती हूं। मैं यही कहना चाहती हूं कि मैं भी उनकी बहन हूं, जो उनको बहुत-बहुत चाहती है और बहुत इज्जत करती है। मैं चाहती हूं हमारे जवान बहुत खुश रहें।'
वीडियो देख चौंके फैंस
लता मंगेशकर का यह वीडियो देखकर लोग चौंक गए हैं। कई यूजर्स ने उनके इस वीडियो पर अपने रिएक्शन दिए हैं। एक शख्स ने लिखा, 'कुछ पल के लिए लगा आप हो।' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'अचानक से वीडियो आया, देख के लगा लता जी वापस आ गईं।'तीसरे यूजर ने लिखा, 'एक पल के लिए मुझे लगा कि वह अभी भी हमारे साथ है और यह सब बस एक सपना था।'
एक यूजर ने लिखा, 'एडमिन हमारे दिल से मत खेलो।' एक अन्य ने लिखा, 'मुझे लगा 2021 में वापस आ गया।' तीसरे ने लिखा, 'एक पल के लिए डर गई।'
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि यह लता मंगेशकर का पुराना वीडियो है, जिसे उनके अकाउंट पर पोस्ट किया गया है। इससे पहले साल 2024 में भी इस वीडियो को दिवाली के मौके पर पोस्ट किया गया था।
बता दें कि लता मंगेशकर का निधन 6 फरवरी, 2022 को हो गया था। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली थी।