राम के रोल के लिए कैसा हो एक्टर?
सुनील लहरी ने रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' में लक्ष्मण का रोल निभाया था, जो 1987 से 1988 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम का रोल किया था। नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में यह रोल रणबीर कपूर निभा रहे हैं। इस पर सुनील ने कहा, 'रणबीर ठीक-ठाक लग रहे हैं, लेकिन उनमें वह मासूमियत थोड़ी कम है। अरुण (गोविल) में जो धैर्य, शांति और मासूमियत थी, वह यहां नजर नहीं आ रही। मगर, मुझे पूरा भरोसा है कि वह अपनी एक्टिंग से इस रोल के साथ पूरा न्याय करेंगे।'
राम के रोल को लेकर दी यह सलाह
सुनील ने आगे कहा 'वह थोड़े सख्त लग रहे हैं। उन पर लक्ष्मण या भरत का रोल ज्यादा जंचेगा। ऐसे रोल के लिए हमेशा किसी नए चेहरे को कास्ट करना बेहतर होता है। कोई नया एक्टर जिसकी कोई पहले से बनी-बनाई इमेज या कोई विवाद न हो।'
कब रिलीज होगी फिल्म?
'रामायण' का पहला पार्ट 2026 में दिवाली के मौके पर और दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज हो सकता है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रोल में, यश रावण के रोल में, साई पल्लवी सीता के रोल में, सनी देओल भगवान हनुमान के रोल में और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे।