एक्टर कुणाल खेमू ने हाल ही में दीपिका पादुकोण के कथित आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग पर अपनी बात रखी है। सोहा अली खान के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान, खेमू ने कहा कि एक महिला को अपनी प्रेग्नेंसी की 'बेहतर योजना' बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति ज्यादा पैसे मिलने के साथ-साथ कम घंटे काम करने की उम्मीद नहीं कर सकता। उनकी इन बातों पर लोगों ने प्रतिक्रिया दी है।
प्रोड्यूसर बनने के बाद फैसला करें
सोहा अली खान से बातचीत के दौरान खेमू ने कहा, 'आप प्रोड्यूसर बनिए, अपना पैसा लगाइए, तब आप बॉस होंगे। तब आप तय कर सकते हैं कि आप सिर्फ दो घंटे काम करना चाहते हैं या नहीं। किसी और के पैसे पर ऐसा करना बहुत आसान होता है।'
कुणाल खेमू और दीपिका पादुकोण
- फोटो : सोशल मीडिया
योजना बना सकती हैं महिलाएं
उन्होंने आगे कहा, 'आपके पास एक विकल्प होता है। नौ महीने का एक इनक्यूबेशन पीरियड होता है। आप इसकी योजना बना सकती हैं। आपने मां बनने का फैसला किया है, आपने इसकी योजना बनाई है। आपको इसकी सही योजना बनानी होगी। आपकी योजना दुनिया के काम करने के तरीके पर असर नहीं डाल सकती।'
यूजर्स ने की कुणाल की आलोचना
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कुणाल की बातों की आलोचना की। उन्होंने उन्हें स्त्री विरोधी कहा। एक यूजर ने लिखा 'सोहा और कुणाल मुझे कपल गोल लगते थे लेकिन वो महिला विरोधी हैं।' एक और यूजर ने लिखा 'हमें लगता था कि वह अच्छे हैं लेकिन वो महिलाओं से द्वेष रखने वाले हैं।' एक और यूजर ने लिखा 'कुणाल हमेशा मुझे बचकाना आदमी लगते थे। इस बार मैं दुखी हूं मैं सही सही था।'
क्या बोली थीं दीपिका?
हालांकि दीपिका पादुकोण ने कभी भी सार्वजनिक तौर पर यह नहीं कहा कि वह प्रोड्यूसर्स से आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग कर रही थीं। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी मांग की वजह से उन्हें फिल्म 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2' से बाहर कर दिया गया था। उनके मुताबिक 'हमने ज्यादा काम करने को एक आम बात मान लिया है। इंसान के शरीर और दिमाग के लिए दिन में आठ घंटे काम करना ही काफी है।'