साइंस-फिक्शन और प्राचीन भारतीय मान्यताओं के मिश्रण से तैयार फिल्म ‘बैदा’ उस हॉरर श्रेणी की फिल्म मानी जा रही है, जिसकी लीक ‘तुम्बाड’ जैसी फिल्मों ने बनाई है। ‘तुम्बाड’ वाले सोहम शाह की अगली फिल्म ‘क्रेजी’ का ट्रेलर सोमवार को आने वाला है और उसके पहले एकाएक लोगों की दिलचस्पी फिल्म ‘बैदा’ के टीजर में बढ गई है। इसकी एक बड़ी वजह कुमार मंगल की कंपनी का फिल्म के वितरण से जुड़ना है। फिल्म के 1 मिनट 42 सेकेंड लंबे टीजर में, फिल्म ‘बैदा’ के मुख्य नायक, लेखक और अभिनेता सुधांशु राय को एक मायावी अंधेरी दुनिया में फंसते और एक शैतानी शक्ति का मुकाबला करते देखा जा सकता है।
फिल्म के निर्देशक पुनीत शर्मा इस बारे में पूछे जाने पर बताते हैं, 'फिल्म ‘बैदा’ एक दिलचस्प और आकर्षक कहानी का मिश्रण है, जिसमें शक्तिशाली किरदार हैं जो सिने दर्शकों पर एक अमिट छाप छोड़ेंगे। भारतीय फिल्म दर्शक बड़े पर्दे पर आश्चर्यचकित होने की लालसा रखते हैं, और हम आश्वस्त करते हैं कि फिल्म ‘बैदा’ एक ऐसी रोलर कोस्टर साबित होगी जिसे वे लंबे समय से तलाश रहे हैं।' ये फिल्म 21 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म ‘बैदा’ एक बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और दिल्ली के आस-पास शूट किया गया है। पहले से ही अपने आकर्षक दृश्यों और दिलचस्प कथानक के लिए दर्शकों की प्रशंसा पा रही फिल्म ‘बैदा’ को ‘कंतारा’ फेम प्रतीक शेट्टी ने संपादित किया है। इसके कलाकारों में सुधांशु राय के साथ शोभित सुजय, मनीषा राय, हितेन तेजवानी, तरूण खन्ना, अखलाक अहमद आजाद और सौरभ राज जैन शामिल हैं।