केरल के चर्चित रैपर हिरंदास मुरली उर्फ ‘वेदान’ पर गंभीर आरोप लगा है। उन पर एक महिला डॉक्टर ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि रैपर ने शादी का झूठा वादा कर लंबे समय तक उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। रैपर पर महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि साल 2021 से 2023 के बीच उसके साथ कई बार यौन शोषण हुआ। ये मामला अब पुलिस जांच के घेरे में है और हिरंदास को लेकर सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय समाज में बहस छिड़ चुकी है। क्या है पूरा मामला, चलिए आपको बताते हैं।
रैपर वेदान के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले की जानकारी गुरुवार को सामने आई। पुलिस के अनुसार, वेदान के खिलाफ बुधवार देर रात त्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (यौन शौषण) और 376(2)(n) (एक ही महिला के साथ बार-बार यौन शोषण) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पीड़िता के मुताबिक, संबध बनाने के बाद रैपर ने उसे शादी से मुकरते हुए धोखा दिया।
ये खबर भी पढ़ें:
Saiyaara: 'सैयारा' की सक्सेस पर बोले निर्देशक मोहित सूरी, 'सोचा नहीं था, बस अच्छी फिल्म बनाना था मकसद'
रैपर की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं
कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और अब तक रैपर को कोई नोटिस नहीं भेजा गया है। फिलहाल आरोपी हिरंदास मुरली की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ और सबूत जुटाने का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में बताया कि डॉक्टर की शिकायत के मुताबिक, उसके और वेदान के बीच कुछ वित्तीय लेन-देन भी हुए हैं।
कमिश्नर ने कहा, 'हमें सभी आरोपों की जांच करनी होगी। जिन लोगों का जिक्र शिकायत में किया गया है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। उसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।'
पीड़िता के परिवार की ओर से कोई बयान नहीं
रैपर वेदान युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनके द्वारा गाए हुए रैप्स को काफी पसंद किया जाता है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने पीड़िता की पहचान को गोपनीय रखा है, जैसा कि यौन अपराध से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस में करना जरूरी है। पीड़िता के परिवार की ओर से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है, जबकि आरोपी की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
पहले भी कई आरोपों से घिर चुका है रैपर
बता दें ये पहला मौका नहीं है जब वेदान पर आरोप लगे हों। इससे पहले अप्रैल 2024 में उन्हें एक ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके कुछ ही समय बाद वन विभाग ने उन्हें एक तेंदुए के दांत के अवैध कब्जे के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसमें भी उन्हें जमानत मिल गई थी।
इन मामलों के अलावा, मई 2024 में भाजपा के एक नेता ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वेदान ने अपने संगीत के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल किया और जातिगत भेदभाव को बढ़ावा दिया। पुलिस अब इन सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।