फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karur Stampede: सितारे...फैंस...दीवानगी और भगदड़, सेलेब्स के इवेंट में कब-कब घटीं दिल दहला देने वाली घटनाएं?

Sun, 28 Sep 2025 12:50 PM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Vijay Rally Stampede: फिल्मी सितारों के फैंस उन्हें भगवान का दर्जा देते हैं और उनकी एक झलक के लिए बेताब रहते हैं। हाल ही में अभिनेता से नेता बने टीवीके पार्टी के प्रमुख विजय की करूर रैली में लोगों की भारी भीड़ जुटी। मगर, यहां दुखद घटना घटी। भगदड़ होने से 39 लोगों की जान चली गई। इससे पहले अन्य स्टार्स के कार्यक्रमों में भी भगदड़ हुई हैं।
विज्ञापन
जूनियर एनटीआर-विजय-अल्लू अर्जुन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमिलनाडु के करूर में टीवीके पार्टी के प्रमुख और साउथ फिल्मों के चर्चित अभिनेता विजय थलपति की रैली में भगदड़ मच गई। इसमें 39 लोगों के मरने और कई लोगों के घायल होने की खबर है। विजय ने इस घटना पर दुख जताया है। विजय से पहले अन्य फिल्मी सितारों के कार्यक्रमों एवं आयोजनों में भी भगदड़ की ऐसी दुखद घटनाएं हुई हैं। पढ़िए इस रिपोर्ट में

विज्ञापन

अल्लू अर्जुन - फोटो : अमर उजाला
अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान हुई थी भगदड़
साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के इवेंट में भी भगदड़ की घटना घटी। दरअसल, अल्लू अपनी फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान 04 दिसंबर को हैदराबाद स्थित संध्या थिएटर में पहुंचे थे। उनकी एक झलक के लिए फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी थी कि पुलिस प्रशासन के काबू से बाहर हो गई और वहां भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और मृतक महिला का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल बच्चे को बेगमपेट के केआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भगदड़ के इस मामले में 13 दिसंबर को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक्टर को नामपल्ली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने एक्टर से करीब तीन घंटे पूछताछ की। अल्लू के वकीलों ने हाईकोर्ट में अपील की, जहां से उन्हें उसी दिन अंतरिम जमानत मिल गई थी।

जूनियर एनटीआर - फोटो : इंस्टाग्राम @jrntr
जूनियर एनटीआर के इवेंट में फैन की मौत
साल 2013 में जूनियर एनटीआर की फिल्म 'बादशाह' के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में भी ऐसी भगदड़ की घटना घटी थी। इसमें अभिनेता के फैंस भारी संख्या में जुटे। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हुई और भगदड़ मच गई। कथित तौर पर इसमें जूनियर एनटीआर के एक फैन की मौत हो गई थी। जूनियर एनटीआर अपने उस फैन के परिवार से मिले और पांच लाख रुपये दिए। इसके बाद उन्होंने उस परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठाई। अभिनेता करीब 12 वर्षों से अपने उस फैन के परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठा रहे हैं।

रईस - फोटो : सोशल मीडिया
शाहरुख खान
साल 2017 में शाहरुख खान अपनी फिल्म ' रईस ' के प्रमोशन के लिए गुजरात के वड़ोदरा स्टेशन पहुंचे थे। वहां किंग खान के फैंस की भारी संख्या उमड़ पड़ी और भगदड़ मच गई। दरअसल, शाहरुख खान फिल्म 'रईस' के प्रमोशन के लिए मुंबई से दिल्ली ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वड़ोदरा स्टेशन पर मची इस भगदड़ के में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। इसके बाद शाहरुख खान के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज कराया गया था। 

बड़े मियां छोटे मियां - फोटो : अमर उजाला
अक्षय कुमार 
अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' (2024) का कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित हुआ था।  इस इवेंट में भी भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी। दरअसल, लखनऊ में भीड़ के सामने दोनों सितारों ने अपने एक्शन की एक झलक दिखाई। लखनऊ के घंटाघर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों के हवाई स्टंट देखकर भीड़ बेकाबू हो गई, जिसके बाद भगदड़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए थे। कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था।

महेश बाबू - फोटो : इंस्टाग्राम @urstrulymahesh
महेश बाबू
जनवरी 2024 में महेश बाबू की फिल्म 'गुंटूर कारम' के प्री-रिलीज इवेंट में भी भगदड़ की घटना घटी थी। दरअसल, अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक के लिए फैंस खंभों पर चढ़ने लगे। कुछ लोग अच्छी सीट पाने के लिए कुर्सियां इधर-उधर फेंकते और एक-दूसरे पर चढ़कर पार होते भी नजर आए थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
 
विज्ञापन

चिरंजीवी - फोटो : इंस्टाग्राम @chiranjeevikonidela
चिरंजीवी
चिरंजीवी की फिल्म 'टैगोर' की शूटिंग के दौरान पुलिस ने फैंस पर लाठीचार्ज कर दिया था। तिरुपति की एसवी यूनिवर्सिटी में इस फिल्म की शूटिंग हो रही थी और इस दौरान फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। भगदड़ जैसे हालातों में दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें