मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्टोरेंट पर हुई फायरिंग की घटना के बाद अब मुंबई स्थित उनके निवास के बाहर भी पुलिस की हलचल तेज हो गई है। मुंबई पुलिस ने कपिल के घर के बाहर सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
ओशिवारा स्थित घर पर पहुंची पुलिस टीम
शुक्रवार की सुबह मुंबई पुलिस की एक टीम अचानक ओशिवारा में कपिल शर्मा के घर पहुंची। हालांकि पुलिस कुछ समय रुकने के बाद बिना किसी बयान के रवाना हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की मौजूदगी के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
ये खबर भी पढ़ें:
Kapil Sharma: कभी कपड़े की मिल में करते थे काम, फिर कैसे 'कॉमेडी किंग' बने कपिल? कैफे पर अब हुई फायरिंग
क्या है पुलिस की मौजूदगी का कारण?
सूत्रों की मानें तो ये दौरा सिर्फ सुरक्षा समीक्षा के लिए था। पुलिस ये जानना चाहती थी कि कपिल की सुरक्षा की जिम्मेदारी किस एजेंसी के पास है, कितने सिक्योरिटी गार्ड तैनात हैं और इमारत के भीतर कितनी सतर्कता बरती जा रही है। DLH एनक्लेव नाम की बिल्डिंग की 7वीं और 9वीं मंजिल पर कपिल अपने परिवार संग रहते हैं।
फिल्म सिटी पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई
कपिल शर्मा जहां शूटिंग करते हैं, वो स्थान यानी गोरेगांव फिल्म सिटी में भी अब अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मुंबई सिक्योरिटी फोर्स की पैट्रोलिंग वहां बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी घटना से बचा जा सके। पुलिस और निजी सुरक्षा एजेंसियों के बीच इस समय करीबी तालमेल रखा जा रहा है।
कनाडा रेस्टोरेंट फायरिंग में पुलिस कर रही जांच
गुरुवार तड़के कपिल के कनाडा स्थित एक रेस्टोरेंट में अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग की खबर सामने आई थी। इस हमले में किसी को चोट नहीं लगी हैं लेकिन घटना ने खतरे के संकेत जरूर दे दिए थे। माना जा रहा है कि मुंबई पुलिस इस पूरे मामले को लेकर सतर्क है और किसी भी अनहोनी से पहले पूरी तैयारी करना चाहती है।
कपिल के फैंस में चिंता का माहौल
कपिल शर्मा के फैंस में इस खबर के बाद हल्का डर और चिंता का माहौल देखा जा रहा है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कपिल की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की है।