दिल्ली में 'कांतारा चैप्टर 1' की सक्सेस पार्टी में फिल्म की टीम के साथ ऋषभ शेट्टी
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को दिल्ली में फिल्म कांतारा चैप्टर 1 के मेकर्स ने सक्सेस पार्टी होस्ट की। इस मौके पर फिल्म के राइटर डायरेक्टर और एक्टर ऋषभ शेट्टी, उनकी पत्नी और फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर प्रगति शेट्टी, एक्टर गुलशन देवैया और एक्टर जयराम समेत फिल्म के मेकर्स और डीओपी भी मौजूद रहे। इवेंट में 'कांतारा चैप्टर 1' को लेकर ऋषभ शेट्टी और गुलशन देवेया ने कई खास बातें बताईं।
ऋषभ बोले- हमने विजुअली फिल्म को बहुत बड़ा बनाया है
सक्सेस पार्टी में ऋषभ ने कहा कि पिछले भाग से इस भाग तक हमने विजुअली फिल्म को बहुत बड़ा बनाया है। मैंने पहले भी कहा था जितना रीजनल जाएंगे उतना ही ग्लोबल जाएंगे और वही हुआ। दैव गुलिगा का किरदार निभाने को लेकर ऋषभ ने कहा कि यह फिल्म और किरदार मेरा एक सपना था, जिसे मेरी टीम ने अपना सपना बनाया और अब वो पब्लिक का सपना बन गया है। मेरी एनर्जी पब्लिक तक ट्रांसफर हो गई।
फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' की दिल्ली सक्सेस पार्टी में नजर आए गुलशन देवेया, ऋषभ शेट्टी
- फोटो : अमर उजाला
गुलशन ने रात 12 बजे सुनी थी फिल्म की स्टोरी
गुलशन देवेया ने भी इवेंट में फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ को लेकर कई बातें साझा कीं। वह कहते हैं, ‘2019 में मैं ऋषभ से मिला था, हमने साथ बैठ के डोसा खाया था। ऋषभ शेट्टी ने मेरी ‘हंटर’ फिल्म देखी थी। मुझे भी उनका काम पसंद था। उन्होंने ‘कांतारा’ बनाई लेकिन मुझे नहीं बुलाया, मैंने सोचा क्यों नहीं बुलाया? फिर एक रात 12 बजे कॉल आया, मुझे 'कांतारा चैप्टर 1' पूरी स्टोरी सुनाई गई। कहानी सुनकर मुझे लगा कि जैसे इस फिल्म को नहीं करूंगा तो पाप करूंगा।'
रीजनल सिनेमा से जुड़ने का मौका ऋषभ ने दिया
गुलशन देवेया आगे कहते हैं, 'मैं कर्नाटक के कूर्ग का ही रहने वाला हूं लेकिन शुरुआत हिंदी फिल्मों से हुई। अपने रीजनल सिनेमा से जुड़ने का पहला मौका मुझे ऋषभ ने ही दिया। यही वजह है कि मैंने हामी भर दी। फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ में अभिनय करके, अलग किरदार निभाकर मजा आया।’ इवेंट में गुलशन ने गाना गाकर भी सुनाया। आखिरी में उन्होंने ऋषभ शेट्टी और 'कांतारा' जिंदाबाद के नारे लगवाए।