फिल्म 'तनु वेड्स मनु' और उसके सीक्वल 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' में जबरदस्त केमिस्ट्री दिखा चुके कंगना रनौत और आर माधवन अब एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आने को तैयार हैं। इस बार ये जोड़ी लेकर आ रही है एक रोमांचक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म, जिसका नाम रखा गया है 'सर्कल'। इस फिल्म को लेकर अपडेट सामने आया है। दर्शक इस जोड़ी को दशहरे 2025 पर एक बार फिर साथ में देख सकेंगे।
तीन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं ए एल विजय, जो साउथ सिनेमा के जाने-माने निर्देशक हैं। वहीं इस फिल्म का निर्माण कर रही है ट्राइडेंट प्रोडक्शन्स। 'देक्कन क्रॉनिकल' की रिपोर्ट की मानें तो ये फिल्म तीन भाषाओं- हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज की जाएगी। 'सर्कल' को एक पैन-इंडिया प्रोजेक्ट बताया जा रहा है, जिसकी शूटिंग चेन्नई, ऊटी, जयपुर और हैदराबाद जैसी अलग-अलग जगहों पर की गई है।
ये खबर भी पढ़ें:
TV Couples: टीवी के इन कपल्स के अलग होने से टूटे फैंस के दिल, किसी ने अनफॉलो तो किसी ने किया ब्रेकअप का ऐलान
कैसी होगी फिल्म की कहानी?
'सर्कल' की कहानी को लेकर अब तक कई अपडेट्स सामने आए हैं। कहा जा रहा है कि फिल्म एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है जिसमें सस्पेंस की परतें धीरे-धीरे खुलेंगी। सूत्रों की मानें तो कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट ये होगा कि एक मरीज और डॉक्टर असल में एक ही इंसान होते हैं। कुछ इसी प्लॉट के ईर्द-गिर्द ही ये कहानी घूमने वाली है।
क्लाइमेक्स सीन की शूटिंग हैदराबाद में हुई
फिल्म की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है। हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित एक क्लब में इसका आखिरी सीन फिल्माया गया, जिसमें आर माधवन के साथ एक और प्रमुख भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री अवंतिका मिश्रा नजर आएंगी। इस क्लब सीन के साथ फिल्म की शूटिंग पूरी हुई।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म 'सर्कल' के 2025 के दशहरे के मौके पर रिलीज होने की खबर सामने आ रही है। हालांकि इसका अभी ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है। खास बात ये है कि हिंदी, तमिल और तेलुगु के अलावा इसकी मलयालम डबिंग पर भी काम चल रहा है।