नेटफ्लिक्स और ड्रीमवर्क्स एनिमेशन की लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज ‘जुरासिक वर्ल्ड: कैओस थ्योरी’ के चौथे और आखिरी सीजन का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। न्यूयॉर्क में हुए इस ट्रेलर लॉन्च इवेंट के मौके पर सीरीज की पूरी टीम मौजूद थी। ट्रेलर में डायनासोर वर्ल्ड की एक बार फिर झलक देखने को मिल रही है, जिसे देखने के बाद फैंस उत्साहित हो गए हैं।
अंतिम अध्याय में दिखेगा जबरदस्त थ्रिल
ट्रेलर की शुरुआत ही गहरे सस्पेंस और एडवेंचर से होती है। इस बार कहानी छह साल आगे बढ़ चुकी है, जब 'कैंप क्रेटेशियस' की घटनाओं के बाद डायनासोर खुली दुनिया में जी रहे हैं और इंसान उनसे डर के साये में जिंदगी बिता रहे हैं। इस सीजन में 'नब्लर सिक्स' के नाम से मशहूर छह दोस्तों की टीम एक बार फिर साथ आती है, लेकिन इस बार उनका सामना केवल डायनासोर से नहीं बल्कि एक ऐसी साजिश से होता है जो इंसानों और डायनासोर, दोनों के अस्तित्व को खतरे में डाल देती है।
यह खबर भी पढ़ें: ‘मेरे को नियम समझाने मत बैठना…’, 10 साल के बच्चे ने अमिताभ से की बदतमीजी, अति-आत्मविश्वास से हुआ ये बुरा हाल
पहले से ज्यादा इमोशनल होगा सीजन
ट्रेलर देखने के बाद ऐसा लगता है कि इस सीरीज के चौथे सीजन में न सिर्फ एक्शन और थ्रिल देखने को मिलेगा, बल्कि इमोशनल मोड़ पर भी लेकर जाएगी। ट्रेलर में दर्शकों को पसंद आने वाले प्यारे डायनासोर 'स्मूथी' की झलक भी दिखाई गई है, जिसने पहले सीजनों में दर्शकों का दिल जीत लिया था।
कॉमिक कॉन में हुआ भव्य लॉन्च
न्यूयॉर्क कॉमिक कॉन के इस खास इवेंट में सीरीज के वॉइस आर्टिस्ट्स और मेकर्स मौजूद रहे। इस दौरान शॉन जियामब्रोन, कौसर मोहम्मद, पॉल-माइकल विलियम्स और कियरस्टन केली (ब्रुकलिन) ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं, कार्यकारी निर्माता स्कॉट क्रीमर और सह-निर्माता टीम ने बताया कि कैसे इस अंतिम सीजन को फैंस के लिए भावनात्मक और यादगार बनाया गया है। टीम ने सीजन 3 के मुख्य पलों को याद करते हुए बताया कि दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर किरदार ने अपनी तरफ से भरपूर कोशिश की है।
सीरीज के निर्माता
इस सीरीज का निर्माण मशहूर फिल्मकार स्टीवन स्पीलबर्ग, कॉलिन ट्रेवरॉ और फ्रैंक मार्शल जैसे दिग्गज निर्माताओं ने किया है। यह वही टीम है जिसने जुरासिक पार्क और जुरासिक वर्ल्ड जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को बनाया था। इसलिए इसमें हॉलीवुड स्तर की तकनीक, एनीमेशन और कहानी की गुणवत्ता देखने को मिलती है।
फाइनल सीजन में होंगे 9 एपिसोड
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जुरासिक वर्ल्ड: कैओस थ्योरी’ के इस चौथे सीजन में कुल 9 एपिसोड होंगे। यह सीजन 20 नवंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इसे हिंदी सहित कई भाषाओं में देख सकेंगे।