ऋषभ शेट्टी की आगामी फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब रिलीज से पहले फिल्म का तेलुगु प्री-रिलीज इवेंट हुआ, जिसमें तेलुगु स्टार जूनियर एनटीआर भी पहुंचे। इस दौरान जूनियर एनटीआर ने ‘कांतारा चैप्टर 1’ और ऋषभ शेट्टी की जमकर तारीफ की। साथ ही फिल्म के लिए उन्हें बधाई भी दी।
जूनियर एनटीआर ने की ऋषभ शेट्टी की तारीफ
इवेंट के दौरान फिल्म की तारीफ करते हुए जूनियर एनटीआर ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिन कहानियों को मैं सुनते हुए बड़ा हुआ हूं, जिन्हें दादी ने मुझे बचपन में सुनाया है, उन्हें एक दिन पर्दे पर पर उतारा जाएगा। जब मैंने उन्हीं कहानियों को ‘कंतारा: चैप्टर 1’ में देखा, तो ऋषभ ने मुझे हैरान कर दिया। ऋषभ शेट्टी की तारीफ करते हुए जूनियर एनटीआर ने उन्हें अभिनेता और निर्देशक का एक जबरदस्त मिश्रण और कमाल का कलाकार बताया। एनटीआर ने कहा कि मैं हमेशा सोचता था कि उनका कौन सा पक्ष ज्यादा हावी है - अभिनेता या फिल्म निर्माता। लेकिन बाद में मुझे एहसास हुआ कि सिनेमा के सभी 24 क्षेत्रों में ऋषभ का दबदबा है। अगर वह न होते, तो यह फिल्म इस पैमाने पर नहीं होती।
ऋषभ शेट्टी ने की ‘कांतारा चैप्टर 1’ के लिए काफी मेहनत
अभिनेता ने आगे कहा कि मुझे खुद देखने का मौका मिला कि ऋषभ शेट्टी ने 'कांतारा चैप्टर 1' बनाने के लिए कितनी मेहनत की। इसे बनाना आसान नहीं है। आपने इसे सोशल मीडिया पर देखा होगा। वह मुझे अपने घर के पास एक मंदिर ले गए, जहां पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहां मंदिर तक जाने का कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने एक रास्ता इसलिए बनाया क्योंकि उन्होंने वहां शूटिंग के लिए एक सेट लगाया था। यह इतना आसान नहीं था। अगर ऋषभ सर न होते, अगर उनकी टीम ने इस पर विश्वास न किया होता, तो मुझे सच में नहीं लगता कि 'कांतारा चैप्टर 1' के लिए कुछ भी संभव हो पाता।
यह खबर भी पढ़ेंः Kantara Chapter 1 Kannada: क्या पहले दिन बंपर कमाई करेगी 'कांतारा चैप्टर 1'? एडवांस बुकिंग में ऐसा है हाल
2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘कांतारा चैप्टर 1’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह साल 2022 में आई फिल्म ‘कांतारा’ का अगला भाग है। हालांकि, चैप्टर 1 में कांतारा से पहले की कहानी दिखाई जाएगी। इसीलिए इसे प्रीक्वल कहा जा रहा है। ‘कांतारा चैप्टर 1’ में ऋषभ शेट्टी के साथ गुलशन देवैया और रुक्मिणी वसंत भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।