बॉलीवुड में कई ऐसी अभिनेत्रियां रही हैं जो अपने बॉलीवुड डेब्यू के साथ ही चर्चा में आ गई थी। इस लिस्ट में जिया खान का नाम भी शामिल है। जिया ने 19 साल की उम्र में ही शोहरत हासिल कर ली थी। महज 19 साल की उम्र में जिया ने 65 साल के अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'निशब्द' से डेब्यू किया था। अपनी पहली ही फिल्म से जिया ने अपनी पहचान बॉलीवुड इंडस्ट्री में बना ली थी। 25 साल की उम्र में जिया ने सुसाइड कर लिया था। उनकी मौत से पूरी बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री हिल गई थी।
पहली फिल्म में जिया के अभिनय को देखकर निशब्द हो गए थे सभी
'निशब्द' में जिया ने बॉलीवुड के महानायक बिग बी के साथ डेब्यू किया था। इस फिल्म में जिया और अमिताभ के किसिंग सीन की काफी चर्चा भी हुई थी। दरअसल, जिया को 16 साल की उम्र में फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' में काम करने का मौका मिला था, लेकिन इम्मैच्योर लुक के कारण उनके हाथ से यह फिल्म निकल गई थी। उनका रोल बाद में दीया मिर्जा को दे दिया गया था। इसके बाद जिया को फिल्म 'निशब्द' में काम मिला। निशब्द में जिया के अभिनय की जमकर तारीफ हुई थी। 'निशब्द' से डेब्यू करने के बाद जिया खान आमिर खान की फिल्म 'गजनी' और अक्षय कुमार की फिल्म 'हाउसफुल' में भी नजर आई थीं।
2013 में जिया ने किया था सुसाइड
जिया की रील और रियल लाइफ की पारी दोनों ही बेहद छोटी रही। बॉलीवुड में डेब्यू के 6 साल बाद उन्होंने सुसाइड कर लिया था। 3 जून 2013 को जिया ने महज 25 साल की उम्र में फांसी लगाकर इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। अचानक उनकी मौत से पूरी फिल्म इंडस्ट्री हिल गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिया बॉलीवुड अभिनेता सूरज पंचोली के साथ रिलेशनशिप में थीं। अपनी मौत से पहले जिया ने 6 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था। उसमें जिया ने लिखा था कि, ''पता नहीं, तुमसे यह बात कैसे कहूं। मगर अब खोने को कुछ भी नहीं बचा है।'' हालांकि इस सुसाइट नोट में जिया ने कहीं भी सूरज का नाम नहीं लिखा था, लेकिन इस मामले में एक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में वे इस केस में रिहा कर दिए गए थे।