मुंबई के नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा पंडाल में इस बार का नजारा बेहद खास रहा। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद जया बच्चन, जिन्हें मीडिया के सामने अक्सर सख्त और चिड़चिड़े अंदाज में देखा जाता है, इस बार अपने बिल्कुल अलग ही रूप में नजर आईं। मौका था दुर्गा पूजा का और साथ थीं अभिनेत्री काजोल। नतीजा यह हुआ कि सोशल मीडिया पर जया बच्चन की हंसती-खिलखिलाती तस्वीरें और वीडियो छा गए।
काजोल ने करवाया सोलो पोज
पूजा के बाद जब जया बच्चन लाल सिल्क की साड़ी में पंडाल में खड़ी थीं, तो काजोल ने उन्हें पैपराजी के कैमरों के सामने खड़ा कर दिया। दोनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं और फिर काजोल ने जया को बच्चे की तरह इशारे करते हुए सोलो पोज देने के लिए कह दिया। यही नहीं, काजोल ने ताली बजाकर और जोर से हंसते हुए जया से स्माइल करने की फरमाइश भी की। नतीजा यह हुआ कि जया अपनी मुस्कान रोक न पाईं और लगातार हंसते हुए पैप्स को पोज देती रहीं।
यह खबर भी पढ़ें: Homebound BO Collection: ना शुरुआत अच्छी, ना वीकेंड का फायदा; 'होमबाउंड' की भारतीय बॉक्स ऑफिस पर हालत पतली
लाल साड़ी में नजर आईं जया
इस दौरान जया बच्चन का पारंपरिक लुक भी लोगों को खूब भाया। उन्होंने लाल रंग की सिल्क साड़ी पहनी थी, जिस पर सुनहरे जरी का खूबसूरत बॉर्डर और बूटियों का डिजाइन था। जालीदार पल्लू और सिंपल मैचिंग ब्लाउज के साथ उनका यह लुक बेहद सादगीपूर्ण और आकर्षक लग रहा था। बालों को बन में बांधकर उस पर लाल गुलाब लगाया गया था। रूबी और डायमंड जूलरी, हाथ में कंगन और घड़ी ने उनके पारंपरिक अंदाज को पूरा किया। माथे पर लाल बिंदी उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा रही थी।
लोगों ने कहा- 'ये तो असली जया हैं या AI वर्जन?'
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि 'ये असली जया बच्चन नहीं हो सकतीं, शायद ये उनका AI वर्जन है', तो किसी ने कह- 'काजोल ने वो कर दिखाया जो कोई नहीं कर सका, जया जी को खुलकर हंसा दिया।' वहीं कुछ फैंस को उनकी मुस्कुराहट देखकर ‘कभी खुशी कभी गम’ की सास-बहू वाली बॉन्डिंग याद आ गई।
काजोल भी दिखीं ग्लैमरस
इस मौके पर काजोल भी बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आईं। उन्होंने गोल्डन एम्ब्रॉयडरी वाली टिशू साड़ी पहनी थी, जिसके साथ स्लीवलेस ब्लाउज और लाल चूड़ियां उनके लुक को पूरा कर रही थीं। फ्लोरल ईयररिंग्स और स्टाइलिश हेयर बन के साथ उनका लुक ट्रेडिशनल और मॉर्डन का परफेक्ट कॉम्बिनेशन था।