बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर की आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ के निर्माताओं ने बड़ा फैसला लिया। आज सोमवार को फिल्म से जुड़ी विशेष जानकारी दी जानी थी, लेकिन अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के कारण इसे टाल दिया गया है। मेकर्स ने पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी है।
मेकर्स ने साझा किया पोस्ट
बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पेद्दी’ के निर्माताओं ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने बताया "धर्मेंद्र जी के निधन की खबर सुनकर हमें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने जिस युग को परिभाषित किया, उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। इस दुख की घड़ी में और उनके सम्मान में, आज शाम 4.05 बजे होने वाली घोषणा को स्थगित किया जा रहा है। टीम ‘पेद्दी’ पूरे परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना और प्रार्थना व्यक्त करती है।’
यह खबर भी पढ़ें: हेमा से शादी की पर ‘बेताब’ का मुहूर्त पहली पत्नी से कराया, पढ़ें धर्मेंद्र से जुड़े पर्सनल और प्रोफेशनल किस्से
कब रिलीज होगी फिल्म?
यह फिल्म 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को सभी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। 'पेद्दी' में राम चरण और जान्हवी कपूर के अलावा दिव्येंदु शर्मा, शिव राजकुमार और जगपति बाबू भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बुचि बाबू सना द्वारा किया जा रहा है। वहीं इस फिल्म का निर्माण सुकुमार राइटिंग्स, मैत्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज द्वारा हो रहा है। वहीं इसे वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले संयुक्त रूप से तैयार किया जा रहा है। फिल्म में ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान संगीत तैयार कर रहे हैं, रत्नवेलु छायांकन, कोल्ला अविनाश कला निर्देशन और नवीन नूली संपादन का काम संभाल रहे हैं।