देव आनंद ने 15 दिन बाद बदल दी थी भूमिका
जैकी श्रॉफ को पहला मौका दिवंगत अभिनेता देव आनंद ने दिया था। उन्होंने जैकी श्रॉफ को फिल्म 'स्वामी दादा' में छोटी सी भूमिका दी थी। मगर, पहले ही दिन जैकी श्रॉफ को डांट खानी पड़ी। हालांकि, देव आनंद ने बात संभाली और वह बात जैकी श्रॉफ के दिल में हमेशा के लिए बस गई। हाल ही में अमर उजाला संवाद में जैकी श्रॉफ ने वह किस्सा सुनाते हुए कहा कि इंसान को अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। सुभाष घई जी ने मुझे मिट्टी से सितारा बना दिया तो यह सारा क्रेडिट मैं बॉस को देता हूं। देव आनंद साहब ने मुझे एक बड़ा रोल दिया। 15 दिन बाद फोन आया कि मिथुन चक्रवर्ती ने डेट दे दी है तो मैंने उसे ये रोल दिया है। तुम विलेन हो। मैंने बोला मैं ये रोल भी नहीं छोड़ूंगा, क्योंकि उनको हमेशा से देखता था।
बोले- 'मैं चाहता हूं कि मेरे टाइगर को भी कोई न डांटे'
जैकी श्रॉफ जब देव आनंद की उस फिल्म की शूटिंग के लिए पहले दिन सेट पर पहुंचे तो एक्टिंग ही नहीं आई। जैकी श्रॉफ ने बताया, 'मुझसे काम हुआ नहीं तो टेक्नीशियन भड़क गए। देव साहब बोले- टेक इट इजी। नया लड़का है, सीख जाएगा। उसे सिखाओ। यह मैं देखकर हैरान हुआ। ऐसे ही मेरा बच्चा टाइगर है, मैं चाहता हूं कि उस पर भी कोई चिल्लाए नहीं। पुराने लोगों की बातों को समझो। जेन-जी हैं। बच्चे आगे बढ़ रहे हैं। उनका अंदाज अलग है'।
'हीरो बनने का सपना तक नहीं देखा था'
जैकी श्रॉफ ने यह भी कहा कि उन्होंने हीरो बनने के बारे में सोचा भी नहीं था। संवाद में एक्टर से जब पूछा गया कि हीरो बनने का कब सोचा? तो उन्होंने कहा, 'कभी नहीं, चॉल में बैठकर मैं हीरो बन गया। मैंने तो सपना भी नहीं देखा था। मेरे पिताजी ज्योतिष थे तो एक वक्त मेरे पास कॉलेज के पैसे तक नहीं थे। मैंने कहा कि मैं कॉलेज नहीं करना चाहता। पिताजी बोले, तू हीरो बनेगा। पिताजी की बात पूरी हो गई। मुझे तो कुक बनना था। ट्रैवल एजेंसी मैं नौकरी करता था। मुझे फुटपाथ पर किसी ने देख लिया। बोला- तुम्हें मॉडलिंग करनी चाहिए। मैंने कहा कि मुझे पैसे मिलेंगे? तो यह काम किया। वहां से सुभाष जी ने देख लिया तो इस तरह हीरो बन गया। जैकी श्रॉफ की आगामी फिल्म 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' है, जिसका निर्देशन मनीष सैनी ने किया है। यह फिल्म 29 मई को रिलीज हो रही है।