बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ की अपकमिंग लघु फिल्म 'रात बाकी बात बाकी' का पहला पोस्टर सामने आ गया है, जिसमें जैकी काले चश्मे पहने नजर आ रहे हैं। फिल्म की स्टोरी आयूष गौर की है, जबकि इसको प्रोड्यूस और डायरेक्ट दिव्यांश पंडित कर रहे हैं। फिल्म समिक्षक तरण आर्दश ने ट्विटर पर फिल्म का पोस्टर साझा किया है।
जैकी श्रॉफ ने 1982 में देव आनंद की फिल्म 'स्वामी दादा' से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। उसके बाद जैकी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। जैकी 'राम लखन', 'खलनायक', 'रंगीला', 'लज्जा' और 'आन' जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम कर चुके हैं। ऐसा भी नहीं है कि जैकी की फिल्में फ्लॉप नहीं रही हैं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
जिंदादिली के लिए जाने जाते हैं जैकी
बॉलीवुड में पिछले चार दशकों से सक्रिय जैकी श्रॉफ अपनी जिंदादिली के लिए जाने जाते हैं। 200 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। इस अभिनेता के मुताबिक वह आज भी दिल की ही सुनते हैं। वह मराठी, कन्नड़, पंजाबी, बंगाली, मलयालम, तमिल, तेलुगु, भोजपुरी और गुजराती फिल्मों में कर चुके हैं।
उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, मैं किसी फिल्म को चुनते समय कभी बैनर तो कभी डायरेक्टर या स्क्रिप्ट पर ध्यान देता हूं। लेकिन एक चीज कॉमन है, वह है मेरा हमेशा दिल की सुनना। मेरा काम ही मेरा ब्रेक है। काम करना जारी रखा हूं। इस काम के जरिए ही मैं दुनिया के भिन्न-भिन्न स्थानों पर गया और अलग-अलग तरह के लोगों से मिला।’ 61 वर्षीय अभिनेता ने उन लोगों के प्यार के प्रति आभार भी जताया जिनकी वजह से वह इस मुकाम तक पहुंच सके।
दरअसल, जैकी श्रॉफ इस साल फिल्मों को लेकर काफी व्यस्त हैं। जैकी लघु फिल्म 'रात बाकी बात बाकी' के अलावा 'भारत' और 'साहो' में भी नजर आएंगे। बता दें कि भारत और साहो बड़ी बजट वाली फिल्में हैं। लघु फिल्म रात बाकी बात बाकी इसी साल फरवरी में रिलीज होगी। अब देखना यह होगा कि यह दर्शकों को कैसी लगती है।