'बंटवारा 1947' के निर्देशक राजकुमार संतोषी ने बताया है कि उन्हें अपनी फिल्म के लिए इन्वेस्टर्स ढूंढने में काफी मुश्किल हुई। इसकी वजह यह थी कि यह फिल्म बंटवारे के दौर पर आधारित है। इसमें सनी देओल ने एक मुस्लिम किरदार निभाया है। संतोषी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी रखने वाले कई फाइनेंसर चाहते थे कि एक्टर पारंपरिक एक्शन रोल करें।
किस रोल में हैं सनी देओल?
फिल्ममेकर ने यह भी साफ किया कि कुछ रिपोर्ट्स और रिव्यू के उलट, देओल फिल्म में पाकिस्तानी किरदार नहीं निभा रहे हैं। इसके बजाय, वह एक ऐसे भारतीय मुस्लिम का किरदार निभा रहे हैं, जिसे बंटवारे के दौरान खुद को और अपने परिवार को बचाने के लिए पाकिस्तान जाने पर मजबूर होना पड़ा।
'बंटवारा 1947'
- फोटो : साभार@imdb
क्या चाहते थे इन्वेस्टर्स?
संतोषी ने गलाटा इंडिया से बातचीत में बताया कि हालांकि इन्वेस्टर्स सनी देओल के साथ उनके कोलेबोरेशन को लेकर उत्साहित थे। मगर वे चाहते थे कि फिल्ममेकर वैसी ही एक्शन फिल्में बनाएं जैसी उनकी पिछली फिल्में 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' थीं।
इन्वेस्टर्स ने क्यों किया फंड देने से इंकार?
- संतोषी ने बताया कि मुंबई में ज्यादातर इन्वेस्टर्स को जब पता चला कि सनी देओल और मैं एक फिल्म कर रहे हैं, तो वे चाहते थे कि मैं एक रेगुलर एक्शन फिल्म बनाऊं।
- वे ऐसी फिल्म के लिए तैयार नहीं थे जिसमें सनी एक मुस्लिम किरदार निभा रहे हों।
- जब इन्वेस्टर्स को पता चला कि देओल बंटवारे पर आधारित ड्रामा में एक मुस्लिम व्यक्ति के तौर पर गंभीर भूमिका निभाएंगे, तो उन्होंने 'बंटवारा 1947' को फंड देने से इनकार कर दिया।
- संतोषी ने कहा कि देओल ने पहले भी मुस्लिम किरदार निभाए होंगे, लेकिन इस फिल्म में उनका किरदार मिजाज और ट्रीटमेंट के मामले में अलग है।
सनी देओल, राजकुमार संतोषी, आमिर खान
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों 'रिस्की' मानी गई थीम?
फिल्ममेकर ने कहा कि किरदार का सफर ही फिल्म का मुख्य हिस्सा है और उसे सिर्फ पाकिस्तानी कहना उसके बैकग्राउंड और हालात को कमतर आंकने जैसा होगा।
उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए एक बड़ी समस्या बन गई; इन्वेस्टर्स इतना साहसी और जोखिम भरा विषय नहीं चुनना चाहते थे। आजकल ऐसा माहौल बन गया है कि अगर आप पाकिस्तान का नाम भी लें, तो आपको देश-विरोधी मान लिया जाता है।'
आमिर खान ने किया सपोर्ट
संतोषी ने बताया 'आमिर को इस बारे में पता था। वे बहुत सहयोगी थे और उन्होंने कहा कि अगर कोई और प्रोड्यूस नहीं करेगा, तो वे इसे प्रोड्यूस करेंगे।'
फिल्म निर्माता ने आगे बताया कि टीम ने अलग-अलग प्रोड्यूसर्स से संपर्क किया और सनी देओल ने भी फाइनेंस का इंतजाम करने की कोशिश की। लेकिन यह मुद्दा इन्वेस्टर्स के लिए एक रुकावट बना रहा।