फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंटरव्यू: शनाया पर क्या बोलीं निर्देशक रीमा? 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर- आफ्टर डार्क' के क्लाइमैक्स पर तोड़ी चुप्पी

Sun, 29 Nov 2026 07:32 AM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

  • वेब सीरीज 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का निर्देशन रीमा माया ने किया है।
  • इस सीरीज में शनाया कपूर ने लीड रोल प्ले किया है।
  • रीमा ने यह भी बताया कि इस सीरीज का दूसरा सीजन आएगा या नहीं।
विज्ञापन
रीमा माया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की ग्लैमरस दुनिया इस बार मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस के साथ लौटी है। सीरीज 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' में शानाया कपूर डबल रोल में नजर आ रही हैं। सीरीज का अंत भी काफी चौंकाने वाला है। कहानी में शानाया की जुड़वां बहन आयशा की हत्या उसकी ही दोस्त तारा करती है। हैरानी की बात यह है कि सच सामने आने के बाद भी तारा स्टूडेंट ऑफ द ईयर की ट्रॉफी जीत जाती है। उसे सजा मिलती है या नहीं, यह नहीं दिखाया गया।
विज्ञापन


आखिर कहानी का अंत ऐसा क्यों रखा गया? क्या दूसरा सीजन आएगा? शानाया के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? इन सवालों पर निर्देशक रीमा माया ने अमर उजाला से बातचीत में खुलकर बात की।
Trending Videos

रीमा माया - फोटो : Instragam @reemsen
'इस शो में गलत लोग बच निकलते हैं, इसलिए अंत ऐसा रखा'
सीरीज के अंत को लेकर रीमा कहती हैं, 'दर्शक फिल्मों में हमेशा अच्छा अंत देखना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि आखिर में सब ठीक हो जाएगा और गलत करने वालों को सजा मिलेगी। लेकिन असल जिंदगी में ऐसा हमेशा नहीं होता। इस शो की दुनिया भी ऐसी ही है। यहां गलत लोग कई बार बच जाते हैं और जिनके साथ गलत हुआ, उन्हें इंसाफ नहीं मिलता। मैं यही दिखाना चाहती थी।'

रीमा बताती हैं कि सीरीज के अंत को लेकर उन्हें दर्शकों के कई तरह के मैसेज मिल रहे हैं। वह कहती हैं, 'कुछ लोग मैसेज करके कह रहे हैं कि क्लाइमैक्स बहुत अच्छा था। वहीं कुछ लोग नाराज हैं। वे पूछ रहे हैं कि कहानी का अंत ऐसा कैसे हो सकता है और दूसरा सीजन कब आएगा। मुझे अच्छा लगता है कि कहानी देखकर लोग इतनी अलग-अलग बातें कर रहे हैं।'

रीमा माया - फोटो : Instragam @reemsen
करण जौहर ने दी अपनी तरह से कहानी बनाने की छूट
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' का नाम आते ही कॉलेज, दोस्ती, रोमांस और ग्लैमर याद आता है। लेकिन इस बार कहानी में मर्डर मिस्ट्री और रिश्तों के कई उलझे हुए पहलू हैं। रीमा बताती हैं कि करण जौहर और सोमन से बातचीत के बाद उन्हें इस फ्रेंचाइजी को अलग अंदाज में पेश करने का मौका मिला।

वह कहती हैं, 'जब मैं इस प्रोजेक्ट से जुड़ी तो मेरी पहली कोशिश यह समझने की थी कि करण और उनकी टीम इस बार क्या नया करना चाहती है। बातचीत में मुझे पता चला कि वे पिछली फिल्मों से कुछ अलग करना चाहते हैं। मर्डर मिस्ट्री का विचार पहले से था। उन्होंने मुझसे कहा कि आप इसे अपनी तरह से बनाइए। मेरे लिए यह अच्छी बात थी कि मुझे पुराने किरदारों और दुनिया को रखते हुए अपनी सोच से कहानी बनाने की आजादी मिली।'

रीमा ने इस बार पुराने किरदारों को भी अलग नजरिये से दिखाया है। वह कहती हैं, 'सिद्धार्थ ट्रस्टी का बेटा है। वह अपने रिश्तों से ज्यादा प्रतियोगिता को अहमियत देता है और इसी बात को लेकर उसके मन में पछतावा है। वहीं, रेहान एक साधारण परिवार से आता है। वह अपने दोस्त के लिए कुछ करना चाहता है, लेकिन उसके पास इतने साधन नहीं हैं कि वह हर बार उसकी मदद कर सके।

रीमा माया - फोटो : Instragam @reemsen
शानाया को लेकर निर्देशक ने बताई ये बात
सीरीज में शानाया कपूर के साथ काम करने के अनुभव पर रीमा उनकी तारीफ करती हैं। वह कहती हैं, 'शानाया बहुत अनुशासित हैं। उनकी याददाश्त भी अच्छी है। मुझे कभी यह चिंता नहीं हुई कि वह अपने डायलॉग भूल जाएंगी या किसी सीन में कुछ गड़बड़ करेंगी। उन्हें जो भी बताया जाता था, वह उसे याद रखती थीं और हर टेक में उसका ध्यान रखती थीं।'

रीमा बताती हैं कि वह किसी भी कलाकार के साथ काम करने से पहले उसे समझने की कोशिश करती हैं। वह कहती हैं, 'पहले किरदार कागज पर लिखा होता है। फिर जब आप कलाकार से मिलते हैं तो उसके स्वभाव और उसकी खूबियों को भी किरदार में शामिल करते हैं। इससे किरदार और असली लगने लगता है। मैंने शानाया और बाकी कलाकारों के साथ भी यही किया।'

स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
इंडिपेंडेंट फिल्मों से कमर्शियल सिनेमा तक का सफर
रीमा इससे पहले 'काउंटर फीट कुंकू' और 'नॉक्टर्नल' जैसी फिल्मों के लिए पहचान बना चुकी हैं। उनकी फिल्म 'काउंटरफिट कुंकू' को सनडांस फिल्म फेस्टिवल में भी पहचान मिली। ऐसे में धर्मा प्रोडक्शंस की फ्रेंचाइजी से जुड़ना उनके लिए एक नया अनुभव था।

रीमा मानती हैं कि इंडिपेंडेंट फिल्मों से कमर्शियल सिनेमा में आना आसान नहीं था। वह कहती हैं, 'मेरे लिए यह एक बड़ा फैसला था। जब आप इंडिपेंडेंट फिल्में बना रहे होते हैं और आपके काम को तारीफ मिल रही होती है तो उसी तरह का काम करते रहना आसान लगता है। लेकिन फिर मैंने सोचा कि क्यों न कुछ नया किया जाए और अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकला जाए। यह मेरे लिए एक जोखिम था।'

रीमा माया - फोटो : Instragam @reemsen
'कमर्शियल फिल्मों में पैसे के साथ कई लोगों की उम्मीदें भी..'
वह आगे कहती हैं, 'कमर्शियल सिनेमा में जिम्मेदारी ज्यादा होती है। पैसा ज्यादा लगा होता है और फैसले लेने वाले लोग भी ज्यादा होते हैं। सबसे बड़ा अंतर दर्शकों का है। इंडिपेंडेंट फिल्मों को कुछ खास लोग देखते हैं, लेकिन कमर्शियल सिनेमा में हर तरह के दर्शक होते हैं। सबकी पसंद अलग होती है। ऐसे में आपको यह समझना पड़ता है कि लोगों को क्या दिखाना है और अपनी कहानी को किस तरह पेश करना है।'

रीमा के मुताबिक, कमर्शियल सिनेमा में नया करने के साथ दर्शकों को कहानी से जोड़कर रखना भी जरूरी है। वह कहती हैं, 'अगर आप बहुत अलग तरीके से कहानी सुनाएंगे तो हो सकता है कि कुछ लोग उसे समझ न पाएं। वहीं अगर सब कुछ पहले जैसा रखेंगे तो लोग कहेंगे कि इसमें नया क्या है। इसलिए दोनों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।'
विज्ञापन

स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : इंस्टाग्राम @shanayakapoor02
कई इंडिपेंडेंट फिल्मों को थिएटर में जगह तक नहीं मिलती
रीमा का मानना है कि इंडिपेंडेंट फिल्मों को बड़े बैनर और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के सहयोग की जरूरत है। वह कहती हैं, 'सोचिए, अगर यही सीरीज छोटे स्तर पर बनाई जाती और इसमें जाने-पहचाने कलाकार नहीं होते, तो क्या इतने लोग इसे देखते? धर्मा और बड़े प्लेटफॉर्म के पास प्रमोशन के साधन हैं। ऐसे बड़े बैनर और प्लेटफॉर्म की वजह से सीरीज ज्यादा लोगों तक पहुंच पाती है।  कई अच्छी इंडिपेंडेंट फिल्मों को तो थिएटर में जगह तक नहीं मिलती। जब लोग फिल्म देख ही नहीं पाएंगे तो उसके बारे में जानेंगे कैसे? ऐसी फिल्मों को भी दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलना चाहिए।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें