कमल हासन स्टारर और शंकर के डायरेक्शन में बन रही फिल्म 'इंडियन 2' का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म से जुड़ा हर एक अपडेट लोगों का खासा ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसी कड़ी में 77वें स्वतंत्रता दिवस पर फिल्ममेकर ने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। 'इंडियन 2' से कमल हासन का नया पोस्टर जारी हो गया है। इसे साझा करने के साथ ही शंकर शनमुघम ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दी है।
शंकर शनमुघम ने मंगलवार को, ट्विटर पर अपकमिंग फिल्म 'इंडियन 2' से कमल हासन का नया लुक साझा किया। पोस्टर में, एक्टर को खाकी वर्दी में देखा जा सकता है। सफेद बाल और भौवों में कमल को पहचान पाना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि, फ्रीडम फाइटर के अवतार में सुपरस्टार काफी जंच रहे हैं। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है, और लोग इसे बेहद पसंद कर रहे हैं।
'इंडियन 2' के डायरेक्टर शंकर शनमुघम के जरिए साझा किए गए नए पोस्टर पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं लिखा नजर आ रहा है। वहीं, इसे पोस्ट करते हुए शंकर ने कैप्शन में 'इंडियन 2' लिखा है। पोस्टर में कमल हासन के लुक की प्रशंसा करते हुए एक यूजर ने कमेंट किया है, 'आपकी रचनात्मकता और सर को पसंद करते हुए, सेनापति के रूप में कमल सर के लिए उत्सुक हूं...बड़ी सफलता की कामना करता हूं।' वहीं, एक अन्य लिखते हैं, 'पैन-इंडिया मेगा-ब्लॉकबस्टर आ रही है।'
शंकर शनमुघम के डायरेक्शन में बन रही फिल्म 'इंडियन 2' वर्ष 1996 की फिल्म 'इंडियन' का सीक्वल है। फिल्म में कमल हासन एक बुजुर्ग स्वतंत्रता सेनानी के किरदार में हैं, जो भ्रष्टाचार और अपराधों के खिलाफ लड़ता है। फिल्म में रकुलप्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, नयनतारा, प्रिया भवानी शंकर और सिद्धार्थ भी लीड रोल में हैं। वहीं, फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा अभी भी बाकी है।