मशहूर सिंगर-रैपर हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मामला 28 मार्च को मुंबई के एमएमआरडीए ग्राउंड में हुए यो यो हनी सिंह के म्यूजिक कॉन्सर्ट से जुड़ा है। इस कॉन्सर्ट में भारी संख्या में फैंस हनी सिंह को सुनने और देखने पहुंचे थे। कॉन्सर्ट के कई वीडियोज भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं। लेकिन अब ये कॉन्सर्ट विवादों और कानूनी पचड़े में फंसता दिख रहा है। सुरक्षा खामियों और नियमों के उल्लंघन के चलते कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यही नहीं पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
अवैध लेजर लाइट्स का हुआ इस्तेमाल
दरअसल, यो यो हनी सिंह के इस कॉन्सर्ट के दौरान अवैध लेजर लाइट इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। ऐसा करना सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। क्योंकि यह कॉन्सर्ट एयरपोर्ट जोन के काफी करीब हुआ था। जहां इस तरह की हाई-इंटेंसिटी लेजर लाइट्स का उपयोग सख्त रूप से प्रतिबंधित होता है।
ऐसी लाइट्स उड़ानों की दिशा और पायलट के विजन को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। लेकिन इन कड़े नियमों और पाबंदियों के बावजूद हनी सिंह के कॉन्सर्ट में इन लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अब नियमों का उल्लंघन सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस ने इवेंट से जुड़े आयोजक पइंद्रजीत सिंह और उनकी कंपनी तमन्नाज वर्ल्डवाइड एडवरटाइजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब इस पूरे मामले की जांच की जा रही है कि सुरक्षा निर्देशों की अवहेलना कैसे और क्यों हुई।