मासूम से चेहरे पर गोल मटोल चश्मा पहने भोले भाले हैरी पॉटर से दुनिया का बच्चा बच्चा वाकिफ है। जे. के. रोलिंग ने अपनी किताबों में हैरी पॉटर के किरदार और एक जादुई दुनिया की रचना की, जिसमें जादू का विद्यालय, झाड़ू की सवारी और अजीब अजीब से जानवर बहुत सी कहानियों में गढ़े गए थे। इन किताबों पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द सारसर्स स्टोन’ का वर्ल्ड प्रीमियर चार नवंबर 2001 को लंदन में हुआ।
अब तक हैरी पॉटर श्रृंखला की आठ हॉलीवुड फिल्में बन चुकी हैं और सफलता की एक अलग ही कहानी लिख चुकी हैं। इक्कीसवीं सदी के इस सबसे मशहूर उपन्यास से 21वीं सदी की सबसे मशहूर फिल्में बनाई गई हैं। फिल्म का मुख्य किरदार हैरी पॉटर है। वह और उसके कुछ दोस्त जादू के विद्यालय में जादू सीखते हैं और कदम कदम पर हैरतअंगेज घटनाओं से दो चार होते हैं। फिल्म में अनोखे नाम वाले मिथकीय चरित्र हैं।