हॉलीवुड एक्ट्रेस गैल गैडट (Gal Gadot) की फिल्म 'वंडर वुमन 1984 (Wonder Woman 1984)' का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर की शुरुआत एक्शन के साथ होती है। फिल्म का पूरा ट्रेलर रविवार यानी की आज आने वाला है। गैडट ने अपने इंस्टाग्राम पर इस फिल्म का टीजर शेयर किया है।
एक्ट्रेस गैल गैडट इस फिल्म में डायना प्रिंस की भूमिका निभा रही हैं। ये फिल्म अगले साल 2020 में 5 जून को रिलीज होगी। डीसी कॉमिक्स की फिल्म 'वंडर वुमन' में इस बार उनका किरदार एकदम अलग दिख रहा है। साथ ही गैल गैडट ने एक नया और गोल्डन कलर का कॉस्ट्यूम पहना है।
बात करें गैल की पिछली फिल्म की तो पैट्टी जेंकींस द्वारा निर्देशित 'वंडर वुमन' ने वर्ल्ड वाइड 821.8 मिलियन डॉलर की कमाई की थी। हालांकि वंडर वुमन को लेकर विवाद भी कम नहीं रहे। लेबनान ने इजराइली होने के कारण उनकी फिल्म पर रोक लगाने की बात कर दी थी। यूनाइटेड नेशंस ने वंडर वुमन को औरतों के सशक्तिकरण का एंबेस्डर उन्हें बनाया था। इस पर भी विवाद खड़ा हो गया था।
गैडट जब वंडन वुमन का किरदार निभा रही थीं तब वह प्रेग्नेंट थी। इसके बावजूद उन्होंने एक्शन सीक्वेंस किए। फिल्म में CGI की मदद से उनके बेबी बंप को छुपाया गया था। गैडट वंडर वुमन का किरदार निभाने वाली पहली नॉन अमेरिकन एक्ट्रेस हैं।
बात करें गैल की तो वह सेना में भी रह चुकी हैं। दरअसल 20 साल की उम्र में, गैल ने इजरायली सुरक्षा बल में बतौर कॉम्बैट ट्रेनर रहते हुए दो साल तक नौकरी की थी। सेना में नौकरी करने से गैल को फिल्म फास्ट एंड फ्यूरियस की शूटिंग में काफी मदद मिली थी क्योंकि उन्हें पहले से ही हथियारों की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग का रुख कर लिया।