बेटी की परवरिश को लेकर प्रियंका की राय
वोग अरबिया से बात करते हुए प्रियंका ने बताया कि वह अपनी बेटी मालती को एक बहुसांस्कृतिक परिवार में पाल रही हैं। घर में भारतीय परंपराएं और अमेरिकी संस्कृति दोनों साथ-साथ चलती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी भारतीय विरासत को बनाए रखते हुए बेटी को दोनों संस्कृतियों से जोड़कर बड़ा करना चाहती हैं।
'पूरी तरह भारतीय हूं'
प्रियंका ने कहा, 'मैं एक अभिनेत्री हूं। मैं अपनी पूरी कोशिश करती हूं कि अपने मंच का इस्तेमाल भारत की संस्कृति को सही तरीके से दिखाने के लिए करूं। मुझे भारत से बहुत प्यार है और खान-पान समेत कई चीजों में मैं पूरी तरह भारतीय हूं। लेकिन हमें यह भी समझना चाहिए कि निक के साथ हमारा परिवार अमेरिकी भी है। हम अमेरिका में रहते हैं।'
हमेशा साथ निभाते हैं निक जोनस
प्रियंका और निक ने दिसंबर 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शादी की थी। शादी में हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाज शामिल थे। इस जोड़े ने जनवरी 2022 में अपनी बेटी मालती का स्वागत किया। प्रियंका ने आगे बताया कि निक जोनस भारत को बहुत प्यार और सम्मान करते हैं। निक हमेशा प्रियंका की पूजा-पाठ और धार्मिक रस्मों में भी शामिल होते हैं। इस जोड़े का मानना है कि होली हो या थैंक्सगिविंग, हर त्योहार को पूरी निष्ठा से मनाना चाहिए।
'वाराणसी' और 'सिटाडेल 2' में नजर आएंगी प्रियंका चोपड़ा जोनस
प्रियंका जल्द ही अमेजन प्राइम सीरीज 'सिटाडेल' के दूसरे सीजन में नजर आएंगी। साथ ही प्रियंका निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में भी नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।